भोपाल

दिल्ली में रजिस्ट्रेशन शुल्क 25 रुपए, भोपाल में स्कूलों का फॉर्म भरने पर 6 हजार तक का खर्चा

Bhopal School Forms : नर्सरी में तीन साल उम्र जरूरी, लेकिन स्कूलों की कटऑफ तारीख अलग-अलग, निजी स्कूलों में दाखिले की राह कठिन, उम्र की शर्त तो कहीं दो हजार का फॉर्म
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 10:14 AM IST
expenses of up to 6000 for filling out school forms in bhopal
school forms in bhopal (representative image) image credit Magnific

Bhopal School Forms : भोपाल में नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों का निजी स्कूलों में दाखिला कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों के सामने इस बार कई तरह की चुनौतियां हैं। शहर के निजी स्कूलों ने सत्र 2027- 28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन आवेदन से पहले ही अभिभावकों को उम्र की पात्रता, रजिस्ट्रेशन शुल्क, जरूरी दस्तावेज और सीटों की उपलब्धता जैसी जानकारियों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नर्सरी में प्रवेश के लिए न्यूनतम उम्र तीन साल निर्धारित है, लेकिन उम्र की गणना की तारीख हर स्कूल की अलग है। वहीं आवेदन शुल्क 500 से 2 हजार रुपए तक होने से कई स्कूलों में फॉर्म भरना भी महंगा पड़ रहा है। दिल्ली में जहां रजिस्ट्रेशन शुल्क महज 25 रुपए है वहीं भोपाल में स्कूलों का फॉर्म भरने पर 6 हजार तक का खर्चा है।

नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की न्यूनतम उम्र तीन साल होनी जरूरी है। हालांकि, उम्र की गणना के लिए स्कूलों ने अलग-अलग कटऑफ तारीख तय की हैं। कुछ स्कूल 31 जुलाई 2027 को आधार मान रहे हैं, जबकि कुछ सितंबर 2027 तक की तारीख के अनुसार उम्र निर्धारित कर रहे हैं। ऐसे में एक ही उम्र का बच्चा किसी स्कूल में प्रवेश के योग्य हो सकता है, जबकि दूसरे स्कूल में पात्र नहीं होगा। अभिभावकों को आवेदन से पहले संबंधित स्कूल की आयु सीमा और कटऑफ तारीख की जानकारी लेना जरूरी है।

अभिभावक परेशान: स्कूलों के अपने-अपने नियम

अभिभावक संघ के सचिव प्रमोद पांडे बताते हैं कि निजी स्कूल प्रवेश के नाम पर मनमाना आवेदन शुल्क वसूल रहे हैं। सरकार को आवेदन शुल्क की अधिकतम सीमा तय करने, चयन नहीं होने पर रिफंड का नियम बनाने और ईडब्ल्यूएस सीटों की जानकारी सार्वजनिक करने के साथ प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

निजी स्कूलों में नर्सरी से पहली कक्षा तक प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। इसके लिए स्कूल 500 से 2 हजार रुपए तक रजिस्ट्रेशन शुल्क ले रहे हैं। यह राशि नॉन रिफंडेबल है। यानी बच्चे का चयन नहीं होने पर भी अभिभावकों को पैसा वापस नहीं मिलेगा। स्कूलों की ओर से उपलब्ध सीटों और कुल आवेदनों की जानकारी भी स्पष्ट रूप से सामने नहीं रखी जाती।

दिल्ली में 25 रुपए रजिस्ट्रेशन शुल्क

दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने निजी स्कूलों की प्रवेश प्रक्रिया में रजिस्ट्रेशन शुल्क अधिकतम 25 रुपए निर्धारित किया है। इसके विपरीत भोपाल में आवेदन के लिए 500 से 2 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

3 स्कूलों में फॉर्म भरने पर 6 हजार तक खर्च

अच्छे स्कूल में प्रवेश की उम्मीद में परिवार दो से तीन स्कूलों में आवेदन करते हैं। ऐसे में केवल फॉर्म भरने पर ही 1500 से 6000 रुपए तक खर्च हो सकते हैं। ऐसे में अभिभावक चयन नहीं होने पर रिफंड के नियम तय करने की मांग कर रहे हैं।

Updated on:
27 Nov 2026, 10:14 AM IST
Published on: