बीएसपी प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज...
भोपाल@नीलेंद्र पटेल की रिपोर्ट...
मध्यप्रदेश में होने वाले चुनावों से ऐन पहले मायावती की पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। जिसके चलते प्रदेश में बसपा को नुकसान होता दिख रहा है।
दरअसल मंगलवार को पुलिस ने बहुजन समाज पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद अहिरवार के खिलाफ छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ये मामला पार्टी की ही एक महिला कार्यकर्ता ने दर्ज कराया है। कहा जा रहा है कि 5 मई को 74 बंगले में पार्टी की मीटिंग के दौरान नर्मदा ने महिला से रात भर रुकने की पेशकश की थी। पीड़ित महिला का आरोप है कि इस संबंध में उसने पार्टी के प्रभारी राजाराम को भी बताया था,लेकिन उसकी फरियाद किसी ने नहीं सुनी।
महिला का ये भी आरोप है कि नर्मदा का समर्थक महेश कुशवाहा अश्लील फोटो और वीडियो भेज कर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने बसपा प्रदेशाध्यक्ष नर्मदा प्रसाद अहिरवार के खिलाफ धारा 354 506 और साइबर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामला टीटी नगर थाने में दर्ज किया गया है।
वहीं जानकारों का मानना है कि मध्यप्रदेश में होने वाले चुनावों को लेकर इन दिनों हर पार्टी तैयारियों में जुटी हुई है। ऐसे में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष पर एफआईआर होना बसपा के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। चुनाव से पहले बसपा को कांग्रेस अपने पाले में लेकर गठबंधन की उम्मीद पाली बैठी थी, जिसे नर्मदा प्रसाद अहिरवार ने नकार दिया था।
अब अचानक बसपा अध्यक्ष पर हुए इस केस ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां कुछ लोग इसे साजिश मान रहे हैं, वहीं कई इसे वोट की राजनीति के रूप में भी देख रहे हैं।
ये बोली पुलिस...
टीटी नगर थाने में दर्ज हुए इस मामले पर पुलिस का कहना है कि यह छेड़खानी और जान से मारने की धमकी का मामला है। महिला को प्रताडित करना एक क्राइम है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता स्वयं पार्टी की ही कार्यकर्ता है। उसने ही आरोप लगाया है कि मीटिंग के बाद नर्मदा प्रसाद ने उसे रात भी रूकने की पेशकश की थी। वहीं पीड़िता का यह भी कहना है कि इस संबंध में पार्टी के अंदर शिकायत करने के बावजूद कोई एक्शन नहीं लिया गया और नर्मदा का एक साथी भी उसे लगातार प्रताडित कर रहा है। जिसके बाद ही वह पुलिस के पास आई है।
इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बसपा के प्रदेश अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद अहिरवार के खिलाफ 354 506 और साइबर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।