भोपाल

बड़ी खबर: चुनाव के ठीक पहले देश की सबसे बड़ी पार्टियों को बड़ा झटका, 3 विधायकों पर FIR दर्ज

शिकायत के मामले में भाजपा व कांग्रेस दोनों की ओर से आए आरोप...
3 min read
• •
Updated: 23 Feb 2018, 3:59 PM IST
bjp at election commission

भोपाल@राजेंद्र गहरवार की रिपोर्ट...

मध्यप्रदेश के मुंगावली व कोलारस में होने वाले उपचुनावों को लेकर कई प्रकार की शिकायतें आ रही हैं। इसी के चलते अब तक 3 विधायकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है।

दोनों तरफ से आ रही शिकायतें...
दरअसल चुनाव को लेकर हुई जगह जगह रैलियों व अन्य जगहों पर विधायकों द्वारा कही गई बातों को अधिकांश जगह शिकायत के तौर पर पेश किया गया है। इस शिकायत के मामले में भाजपा व कांग्रेस दोनों की ओर से आरोप आए हैं।

जहां कांग्रेस की ओर से मतदाता लिस्ट में गड़बड़ी सहित अन्य मामलों में शिकायतें दर्ज कराईं गईं वहीं भाजपा की ओर से भी आयोग में शिकायतें दर्ज कराई गईं हैं। इसी के चलते भाजपा की ओर सीईओ को शिकायत सौंपकर कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उपचुनाव अपडेट ऐसे समझें...
सीईओ ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि अब तक 3 विधायकों पर एफआईआर हो चुकी है। इनमें बीजेपी के नरेंद्र सिंह कुशवाहा, शैलेन्द्र जैन के खिलाफ आदेश की अवहेलना का प्रकरण धारा 188 के तहत मामला दर्ज हुआ है। जबकि कांग्रेस विधायक महेंद्र सिंह पर धमकाने का मामला दर्ज हुआ है।
इसके अलावा शिवपुरी कलेक्टर के खिलाफ मतदाता सूची में लापरवाही की शिकायत भी चुनाव आयोग को भेजी गई है। साथ ही संदिग्ध नामों की सूची भी भेजी गई है।

वहीं इससे पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को लिखित शिकायत की है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए पैसा बांटे जा रहे हैं।

शिकायत में आरोप है कि भाजपा विधायक की गाड़ी में अवैध रूप से 35 लाख रुपए पाए गए। शिकायत के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया।
जबकि शिकायतों के मामले में भाजपा का आरोप है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कांग्रेस के दबाव में हैं, जिसके चलते भाजपा की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।

जब्त हो चुके हैं ये...
अभी कुछ दिन पहले ही चुनावों को देखते हुए दोनों क्षेत्रों के लोगों के लाइसेंसी हथियार जमा कराए जा रहे हैं। वहीं इसी बीच यहां से अवैध शराब भी जब्त की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए होने वाले मतदान में तीन हजार से अधिक अधिकारी व कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।

कोलारस में 345 पीठासीन अधिकारी और 1380 मतदान अधिकारी मतदान दलों में शामिल किए गए हैं। मुंगावली में 291 पीठासीन अधिकारी और 1164 अन्य मतदानकर्मी मतदान की प्रक्रिया संपादित कराएंगे। इनके अलावा अन्य अमला भी तैनात रहेगा।

इसके साथ ही दोनों विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाले मार्गो पर बैरियर लगाए गए हैं, केंद्रीय अर्ध सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई है। सुरक्षा बल हर वाहन की जांच करता है और वाहन की वीडियोग्राफी कराई जाती है।

अवैध शस्त्र व हथियार...
उपचुनाव वाले जिलों- अशोकनगर और शिवपुरी में शांतिपूर्ण मतदान के लिए अब तक 3704 लाइसेंसी शस्त्र जमा करवाए जा चुके हैं। इसी तरह छह शस्त्र-लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। दोनों जिलों में 36 अवैध शस्त्र व हथियार एवं 22 कारतूस भी जब्त किए जा चुके हैं।

लीटर अवैध देशी व कच्ची शराब...
बताया गया है कि कोलारस विधानसभा उपचुनाव वाले शिवपुरी जिले में काफी मात्रा में अवैध देशी व कच्ची शराब जब्त की गई। जब्त शराब का अनुमानित मूल्य पांच लाख सात हजार 60 रुपए है।

इसी दिन अशोक नगर में 21 लीटर अवैध देशी व कच्ची शराब की जब्त की गई। जिले में बिना अनुमति के चल रहे एक वाहन को भी जब्त किया गया।

30-30 मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग...
वहीं कोलारस व मुंगावली के 30-30 मतदान केन्द्रों की वेबकास्टिंग होगी। इन केन्द्रों से चुनाव आयोग सीधे जुड़ा रहेगा। 24 फरवरी को MP के अशोकनगर जिले के मुंगावली और शिवपुरी जिले के कोलारस में विधानसभा उपचुनाव होने जा रहे हैं। इस दौरान यहां तीन हजार से ज्यादा अधिकारी व कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनके साथ ही यहां सुरक्षा बलों की तैनाती भी रहेगी।

Published on: