MP BJP- उपचुनाव के परिणाम पर होगी नजर, कांग्रेस की निगाहें कोर्ट पर टिकीं, दतिया में उपचुनाव की सुगबुगाहट के बीच प्रदेश प्रभारी से बंद कमरे में मिले पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम
MP BJP- एमपी की दतिया सीट पर संभावित उपचुनाव के बीच सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस हाईप्रोफाइल सीट पर बीजेपी में मंथन शुरु हो चुका है। सोमवार को एमपी बीजेपी के बड़े नेता और राज्य के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह से बंद कमरे में हुई मुलाकात को इसी उपचुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। नरोत्तम मिश्रा के आवास पर दोनों नेताओं ने करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में चर्चा की। माना जा रहा है कि भाजपा ने दतिया उपचुनाव को लेकर अभी से ही अंदरखेमे तैयारियां तेज की हैं। नरोत्तम ने भी क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। वहीं कांग्रेस की निगाहें अभी कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं।
दतिया में यदि उपचुनाव हुआ तो उसके परिणाम का असर सियासी गलियारे में बहुत दूर तक जाएगा क्योंकि यह सीट प्रदेश की हाईप्रोफाइल सीटों में शुमार रही है। भाजपा के पाले से यह सीट एक बार पहले भी जा चुकी है। ऐसे में यह चुनाव प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अग्निपरीक्षा होगा। क्योंकि यह उनके कार्यकाल का पहला चुनाव भी होगा।
पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा प्रदेश बीजेपी के बड़े नेताओं में शुमार हैं पर पिछले विधानसभा चुनाव में दतिया से पराजित होने के बाद राजनीतिक नेपथ्य में हैं। उपचुनाव होने पर यदि उनकी जीत होती है तो वे पुन: प्रतिष्ठा अर्जित कर सकते हैं।
भाजपा बूथ स्तर तक चलाएगी अभियान
इस बीच मोदी सरकार के 7 जून को 12 साल पूरे होने के मौके पर एमपी भाजपा प्रदेशभर में संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इसको लेकर प्रदेश कार्यालय ने पूरा शेड्यूल जारी कर जिला अध्यक्षों को भेजा है। इनकी शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस से होगी, जो 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चलेंगे। संगठनात्मक कार्यक्रम क्रियान्वयन को लेकर प्रदेश स्तर परके 6 सदस्यों की एक प्रदेश स्तरीय टोली भी बनाई है। इसमें प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी को संयोजक, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक को सह- संयोजक और अन्य चार सदस्य हैं। ऐसे ही जिला स्तर पर भी चार सदस्यों की टोली गठित की जाएगी। बता दें हर दिन के कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए अलग टोलियां बनाई गई हैं।
हर दिन के कार्यक्रम का शेड्यूल जारी
5 जून: विश्व पर्यावरण दिवस-प्रत्येक मंडल में एक पेड़ मां का नाम।
8-14 जून: विशेष जनसंपर्क अभियान- जिले में कम से कम 500 महत्वपूर्ण व्यक्तियों से संपर्क।
11-12 जून: मीडिया संवाद- सीएम, मंत्री से लेकर अन्य नेता मीडिया से संवाद करेंगे।
12-18 जून: जन कल्याण शिविर- केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लिए पंजीयन शिविर।
15-18 जून: सभागार बैठकें- प्रबुद्ध जनों के साथ बैठकें।
19-20 जून: प्राकृतिक खेती सेमिनार।
21 जून: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस- प्रत्येक मंडल में योग अभ्यास