भोपाल

Bhopal news: आसीमा को ऑनलाइन ‘टूटी कटोरियां’ लौटाना पड़ा महंगा, मिनटों में निकले 95 हजार रुपए

Cyber ​​Fraud: बुजुर्ग महिला आसीमा मुखर्जी से जालसाज ने खुद को कंपनी अधिकारी बताकर 10 रुपये भिजवाए और फिर तीन ट्रांजेक्शन से रकम निकाल ली।
2 min read
Aug 02, 2026
Cyber ​​Fraud:95 हजार रुपए की साइबर ठगी (Photo Source: AI Image)
Cyber ​​Fraud:95 हजार रुपए की साइबर ठगी (Photo Source: AI Image)

Bhopal news:एमपी के भोपाल शहर में बागसेवनिया निवासी 79 वर्षीय बुजुर्ग महिला से डिलीवरी ब्वॉय ने सामने ही 95 हजार रुपए की साइबर ठगी कर ली गई। महिला ने ऑनलाइन मंगाई गई कांच की कटोरी टूटी मिलने पर उसे वापस करने के लिए गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजा था। इसी दौरान जालसाज ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर शिकायत करने एक लिंक भेजी। फरियादी बुजुर्ग आसीमा मुखर्जी, निवासी अलकापुरी, बागसेवनिया ने जैसे ही लिंक खोलकर फार्म भरा और दस रुपए भेजे, उनका फोन हैक हो गया और फिर ठगी हो गई।

ऑनलाइन मंगवाई थीं कटोरियां

फरियादी ने पुलिस को बताया, कुछ दिन पहले एक ऑनलाइन साइट से कांच की कटोरियां मंगाई थीं। 24 जुलाई को डिलीवरी ब्वॉय सामान लेकर पहुंचा। उसमें एक कटोरी टूटी निकली। टूटी कटोरी को देखकर महिला ने सामान वापस करने की बात कही तो डिलीवरी ब्वॉय ने कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क करने के लिए महिला को कहा। महिला ने पुलिस को बताया, गूगल पर सर्च कर कस्टमर केयर नंबर निकाला और फोन किया।

व्यक्ति ने भरवाया फॉर्म

दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताते हुए पहले टूटी कटोरी की फोटो भेजने और फिर लिंक भेज फॉर्म भरवाया। इसके बाद 10 रुपए ट्रांसफर करने कहा। महिला ने 10 रुपए भेजे, तो जालसाज ने 24 हजार ट्रांसफर करने को कहा। महिला ने मना किया, परंतु मोबाइल हैक हो चुका था। कुछ देर बाद तीन ट्रांजेक्शन से 95 हजार रुपए निकलने का मैसेज आया था।

24 घंटे में कई शिकार

शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक लोग साइबर ठगी का शिकार हुए। टीला जमालपुरा निवासी अभिषेक झलाया का मोबाइल हैक हुआ और फिर दो खातों से 80 हजार व 8,490 रुपए निकाल लिए गए। इसी तरह प्रीति कौशिक के खाते से 1.45 लाख, हबीबगंज निवासी कोतवाली क्षेत्र के मंगल सिंह से 2.03 लाख रुपए की धोखाधड़ी, कोलार की अलका महावर के खाते से 45 हजार व चूनाभट्टी के जगदीश राठी से 88 हजार की ठगी होने के मामले सामने आए। बता दें, केवल जुलाई माह में ही भोपाल में साइबर ठगी के 104 केस दर्ज किए गए हैं।

Updated on:
02 Aug 2026 04:27 pm
Published on:
02 Aug 2026 04:27 pm