भोपाल

गैस उपभोक्ता जान लें, फ्री में होती है e-KYC, पैसे मांगे तो करें शिकायत, भोपाल में होगी कार्रवाई

Gas Connection e-KYC: सरकार ने रसोई गैस की ई-केवाईसी पूरी तरह मुफ्त रखी है, फिर भी एजेंसियां इंस्पेक्शन के बहाने 236 रुपये वसूल रही हैं। उपभोक्ता शिकायत करें।
2 min read
• •
Updated: 25 Oct 2026, 8:48 AM IST
रसोई गैस सिलेंडर (Photo Source - Patrika)
रसोई गैस सिलेंडर (Photo Source - Patrika)

Bhopal news: रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को सरकार द्वारा पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है, पर मैदानी स्तर पर गैस एजेंसियों की मनमानी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एमपी के भोपाल शहर में विभिन्न क्षेत्रों में संचालित गैस एजेंसियों, उनके कर्मचारियों द्वारा 'इंस्पेक्शन' व अन्य बहानों की आड़ में उपभोक्ताओं से 236 रुपए के सर्विस चार्ज की वसूली की जा रही है। जबकि प्रमुख तेल कंपनियों के सख्त निर्देश हैं कि एलपीजी कनेक्शन की आधार-आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरी तरह से मुफ्त है। ग्राहक से कोई चार्ज नहीं वसूला जाएगा।

थमा दी रसीद

कोलार निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि एजेंसी से इंस्पेक्शन को लेकर ऐसी कोई मांग नहीं की थी, फिर भी जबरन रसीद थमा दी गई। अन्य क्षेत्रों से शिकायतों में भी इसी तरफ की बातें सामने आ रही हैं। जिनमें एजेंसियों के कर्मचारी लोगों के घर पहुंचकर गैस चूल्हा, पाइप की जांच का दवाब बना रहे हैं। ऐसे में ग्राहक इनके झांसे में आकर आसानी से इसका शिकार हो रहे हैं।

ई-केवाईसी पूरी तरह निःशुल्क है, इसके बाद भी यदि एजेंसी संचालकों द्वारा अन्य बहानों की आड़ में उपभोक्ताओं से अवैध रूप से चार्ज वसूले जा रहे हैं तो उपभोक्ता शिकायत करें, हम कार्रवाई करेंगे।- चंद्रभान सिंह जादौन, जिला खाद्य एवं अपूर्ति नियंत्रक

हमारी तरफ से इंस्पेक्शन की ऐसी कोई मांग नहीं की गई थी. फिर भी अरेरा कॉलोनी स्थित एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा इसकी आड़ में सर्विस चार्ज वसूला गया है, इसकी हमने सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की है।- एलके पाण्डेय, शिकायतकर्ता

गैस कंपनी के नियमानुसार ही अनिवार्य केवाइसी, इंस्पेक्शन कराया जा रहा है, क्योंकि इसके बिना बीमा कवर नहीं होता है, इसके लिए उपभोक्ताओं को रसीद भी दी जा रही है।- बीएस शर्मा, संचालक, गैस एजेंसी

घर बैठे खुद करें ई-केवाईसी

आप स्मार्टफोन से ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए ऐप्स का उपयोग करें। फेस ऑथेंटिकेशन में दिए गए आधार ई-केवाईसी विकल्प चुनें, आधार फेसआरडी ऐप से चेहरे को स्कैन कर घर बैठे अपनी प्रक्रिया पूरी करें।

चार्ज मांगने पर यहां करें शिकायत

यदि एजेंसी संचालक ई-केवाईसी के नाम पर सर्विस चार्ज की मांग करता है, तो भुगतान न करें। उसके खिलाफ पेट्रोलियम मंत्रालय के साझा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800 2333 555 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।

Updated on:
25 Oct 2026, 8:48 AM IST
Published on: