भोपाल

एमपी में अब नहीं होंगे ट्रांसफर, सामान्य प्रशासन विभाग ने क्लास 1 से चतुर्थ श्रेणी तक पर लगाई पाबंदी

मध्यप्रदेश में मतदाता सूचियों और जनगणना में लगे कर्मियों का नहीं होगा ट्रांसफर, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 12:12 PM IST
general administration department imposes a ban on transfers
general administration department imposes a ban on transfers (फोटो सोर्स- Patrika)

एमपी में अब अधिकारियों, कर्मचारियों के ट्रांसफर नहीं होंगे। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किए हैं। इसके अंतर्गत क्लास 1 से चतुर्थ श्रेणी तक के अधिकारियों, कर्मचारियों के तबादलों पर पाबंदी लगाई गई है। ट्रांसफर पर यह रोक उन कर्मचारियों के लिए लागू होगी जो मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से जुड़े कामों और जनगणना में लगे हैं। राज्य में सामान्य तबादलों पर पहले से ही रोक लगी है लेकिन विशेष परिस्थितियों में अधिकारियों, कर्मचारियों के तबादले किए जा रहे हैं। अब बिना जनगणना निदेशालय की मंजूरी के ऐसे तबादलों पर भी सख्ती से रोक लगाई गई है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का काम चल रहा है। 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर किए जा रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी निर्धारित की गई है। मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार झा ने आयोग के निर्देश अनुसार प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को तदानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रमुख तिथियां

मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन का काम 2 नवंबर तक पूरा किया गया जबकि 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। 11 दिसंबर तक इस पर दावे एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत करने की अवधि तय की गई है। 28 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा ज​​बकि 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

मतदाता सूचियों के साथ ही मध्यप्रदेश में जनगणना के काम में भी सरकारी अमला जुटा है। मतदाता कर्मियों के तबादले जनवरी 2027 तक तो जनगणना के दूसरे चरण में जुटे कर्मियों के तबादलों पर मार्च 2027 के अंत तक रोक रहेगी। ये आदेश चतुर्थ श्रेणी से लेकर क्लास-1 श्रेणी के कर्मियों पर लागू होंगे। विशेष परिस्थितियों में किए जाने वाले तबादलों के लिए वैधानिक कारण बताने होंगे।

बता दें कि वर्तमान में सामान्य तबादलों पर रोक है लेकिन विशेष परिस्थितियों में तबादले किए जा रहे हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, चुनाव आयोग के नियम तो पहले से स्पष्ट हैं। अब जनगणना निदेशालय से मिले नए पत्र का परीक्षण करने के बाद आदेश जारी होंगे।

प्रमुख बिंदु

वर्तमान में सामान्य तबादलों पर रोक
विशेष परिस्थितियों में किए जा रहे तबादले
चुनाव आयोग के नियम पहले से स्पष्ट
अब जनगणना निदेशालय से मिलेगी मंजूरी

Updated on:
28 Nov 2026, 12:12 PM IST
Published on: