28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Bhopal / व्यवस्था बजट का इंतजार करती रही, ग्रामीणों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए दे दिया अपना घर

व्यवस्था बजट का इंतजार करती रही, ग्रामीणों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए दे दिया अपना घर

गुना . सरकारी स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित छत और बेहतर शैक्षणिक माहौल देना शिक्षा विभाग और शासन-प्रशासन की बुनियादी जिम्मेदारी है, लेकिन आरोन विकासखंड के बकान गांव में सिस्टम की इस नाकामी के बीच…
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

Newsdesk

•

Updated: 28 Nov 2026, 11:26 AM IST

Madhya Pradesh News

सरकारी स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित छत और बेहतर शैक्षणिक माहौल देना शिक्षा विभाग और शासन-प्रशासन की बुनियादी जिम्मेदारी है, लेकिन आरोन विकासखंड के बकान गांव में सिस्टम की इस नाकामी के बीच ग्रामीणों ने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की नई मिसाल पेश की है। शासकीय प्राथमिक विद्यालय बकान की छत जर्जर होने और प्लास्टर गिरने के डर से अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजना कम कर दिया था। नतीजा यह हुआ कि स्कूल में दर्ज 39 बच्चों में से सिर्फ 12 बच्चे ही पढ़ने पहुंच रहे थे। मरम्मत का प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद बजट न मिलने से जब व्यवस्था बेबस दिखी, तो गांव के प्रीतम सिंह और मोनू सिंह धाकड़ आगे आए। दोनों ने स्कूल भवन की मरम्मत होने तक अपने घर का बड़ा हिस्सा विद्यालय संचालन के लिए नि:शुल्क देने की सहमति दे दी है।

बता दें कि शासकीय प्राथमिक विद्यालय बकान के कक्षों की छत इतनी जर्जर हो चुकी है कि भीतर बच्चों को बैठाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। स्कूल में दो शिक्षक पदस्थ हैं, जो बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें कक्षों के बाहर तिबारे में बैठाकर पढ़ाने को मजबूर हैं। शिक्षकों के अनुसार, भवन की मरम्मत के लिए वरिष्ठ कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन फाइल अब तक मंजूरी और बजट का इंतजार कर रही है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब स्कूल भवन की स्थिति पहले से खस्ताहाल थी, तो समय रहते मरम्मत क्यों नहीं कराई गई? क्या शिक्षा विभाग किसी अनहोनी या फिर किसी ग्रामीण की दरियादिली का इंतजार कर रहा था?

एसआरजी के संवाद से जगी पहल, ग्रामीणों ने निभाया समाज का धर्म

हाल ही में राज्य शिक्षा केंद्र के एसआरजी व्याख्याता पंडित तुलसीदास दुबे निरीक्षण के लिए विद्यालय पहुंचे। उन्होंने देखा कि शिक्षक बाहर तिबारे में बच्चों को पढ़ा रहे हैं, फिर भी शैक्षणिक गुणवत्ता में कोई कमी नहीं है। जांच में अधिकांश बच्चे कक्षानुरूप दक्ष मिले, वहीं एक दृष्टिबाधित बालिका को भी शिक्षक कंठस्थीकरण विधि से पढ़ाकर अन्य बच्चों के बराबर तैयार कर रहे हैं। शिक्षकों के समर्पण को देखते हुए पंडित दुबे ने कम उपस्थिति की वजह पूछी, तो जर्जर भवन और अभिभावकों की चिंता सामने आई। इसके बाद उन्होंने शिक्षकों के साथ गांव में जाकर ग्रामीणों से संवाद किया और अस्थायी कक्षाओं के लिए जगह देने की अपील की। इस पर प्रीतम सिंह और मोनू सिंह धाकड़ ने तुरंत सहमति जताते हुए अपने घर का हिस्सा शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया। एसआरजी पं. दुबे ने दोनों ग्रामीणों का माल्यार्पण कर सार्वजनिक अभिनंदन किया।