भोपाल

भोपाल में टूटेंगे डेढ़ लाख घर, 85 हजार फ़्लैट बनाने का राज्य सरकार का बड़ा प्लान

Slum Free Bhopal : स्लम फ्री सिटी: सरकार की घोषणा के बाद एक्शन में प्रशासन पांच साल में झुग्गीमुक्त होगा, झुग्गी बस्ती में चलेगा बुलडोजर, फ़्लैट बनाने की तैयारी तेज
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 7:50 AM IST
झुग्गी बस्ती में चलेगी जेसीबी
झुग्गी बस्ती में चलेगी जेसीबी- demo Pic

Slum Free Bhopal : भोपाल को झुग्गीमुक्त बनाने के लिए एक्शन प्लान तैयार है। सरकार की स्लम फ्री केपिटल बनाने की घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रशासन, निगम, बीडीए, हाउसिंग बोर्ड जैसी एजेंसियों ने पांच साल में इस प्लान को जमीन पर उतारने जर्जर और स्लम एरिया हटाने शुरू किए हैं। जनता क्वार्टर हटाने के साथ इसकी शुरुआत की गई है, जो अब अन्य इलाकों तक पहुंचेगी। प्रारंभिक पड़ताल में ये बात सामने आई है कि भोपाल की झुग्गी बस्तियों में डेढ़ लाख से ज्यादा घर हैं। शहर को झुग्गीमुक्त करने के लिए इनके स्थान पर 5 साल में 85 हजार ईडब्ल्यूएस फ़्लैट बनाने होंगे। भेल, वन, औकाफ, निजी व रेलवे की जमीन पर भी झुग्गियां बनी हैं। सबसे बड़ी चुनौती अतिक्रमण हटाने की है। यहां जमीनें प्रशासन ने खाली भी करा लीं तो यहां ईडब्ल्यूएस फ़्लैट का प्रोजेक्ट अटक सकता है।

ये है सरकार का एक्शन प्लान

3 गुना ईडब्ल्यूएस फ़्लैट बनाए जाएंगे, सामान्य वर्ग के लिए एलआइजी, एमआइजी
जनता क्वार्टर के बाद शहर के स्लम एरिया को हटाने की मुहिम शुरू होगी
झुग्गीवासियों को ईडब्ल्यूएस आवास पीपीपी मोड पर मिलेंगे। विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार अधिसूचित बस्तियों की पहचान की जाएगी। लोगों को चिह्नित किया जाएगा। जगह डेवलपर को सौंपेंगे।
मुक्त की गई जमीन का इस्तेमाल आवासीय, वाणिज्यिक विकास, सड़कें, ग्रीन एरिया जैसी योजनाओं में किया जाएगा। पीपीपी पार्टनर ईडब्ल्यूएस फ़्लैट बनाकर नगर निगम को देंगे। वह इसे लाभार्थियों को आवंटित करेगा।
75 हजार आवास अगले 3-5 वर्षों में विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगेे।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के मुताबिक शहर के अंदर जर्जर आवास और स्लम एरिया को हटाने का अभियान शुरु किया गया है। पात्र परिवारों को शासन के नियमों के अनुसार विस्थापित किया जा रहा है। सभी एजेंसियों को पीएम आवास योजना के तहत टारगेट दिए गए हैं। तय समय पर निर्माण और विस्थापन हो जाए इसकी मासिक समीक्षा की जा रही है।

388 झुग्गी बस्तियों के 1.56 लाख घर टूटेंगे

हाल में हुए प्रशासनिक सर्वे के मुताबिक भोपाल में 3186 एकड़ सरकारी और निजी जमीनों पर 388 झुग्गी बस्ती चिह्नित की गई हैं। इनमें 1.56 लाख घर हैं। सबसे ज्यादा 77 झुग्गी बस्ती नरेला क्षेत्र में है। दक्षिण- पश्चिम में सर्वाधिक 1.29 लाख लोग झुग्गियों में रह रहे हैं।

निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार बताते हैं कि प्रोजेक्ट जल्द पूरे किए जा रहे हैं। नई साइट पर भी जल्द काम शुरु करवाया जा रहा है। इन आवासों की क्वालिटी को चेक करने के लिए भौतिक सत्यापन भी कर रहे हैं।

कहां, कितने स्लम एरिया

भोपाल के नरेला में 9, गोविंदपुरा की 15 लोकेशन पर भेल की जमीन पर झुग्गियां हैं। नरेला,गोविंदपुरा क्षेत्र में 3-3 और उत्तर की एक लोकेशन पर नजूल की जमीन पर झुग्गियां हैं। हुजूर में 2, भोपाल मध्य में 3 लोकेशन पर वन विभाग की जमीन पर झुग्गियां हैं । नरेला में 36, गोविंदपुरा में 46, हुजूर में 61, मध्य में 32, उत्तर में 44, दक्षिण-पश्चिम में 65 लोकेशन पर राज्य सरकार की जमीन पर इनका कब्जा है। नरेला में 3, हुजूर में 1 जगह पर रेलवे की जमीन पर कब्जा। नरेला में 20, हुजूर में 6, मध्य में 4, उत्तर में 11, द-पश्चिम में 1 लोकेशन पर प्राइवेट जमीन पर कब्जा है।

Updated on:
25 Nov 2026, 7:50 AM IST
Published on: