Mandideep Crime: पत्नी के दोस्त पर हमला करने और हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Mandideep Pistol Firing Incident: औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप का सतलापुर थाना रात 8 बजे उस समय दहल उठा जब पत्नी की दोस्ती से खफा पति ने देशी कट्टे से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इससे पहले आरोपी ने पत्नी के जयपुर से आए मुस्लिम दोस्त पर रॉड से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। घटना ने पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी।
पुलिस ने बताया कि 26 वर्षीय निष्कर्ष पुत्र राजेश राजपूत निवासी इंडस रियल्टी, सतलापुर अपनी पत्नी के दोस्त बाबर से इतना खफा था कि उसने दो साथियों के साथ खेड़ापति मंदिर के पास अपनी ससुराल में ठहरे बाबर पर रॉड से हमला कर दिया। फिर मौके पर खड़े होकर हवाई फायरिंग भी की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर निष्कर्ष समेत दो अन्य युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से दो जिंदा कारतूस और खाली कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार निष्कर्ष का प्रेम विवाह हुआ था। दोनों की एक बेटी भी है, जो फिलहाल निष्कर्ष के माता-पिता के पास रहती है। आपसी मतभेद के चलते पीड़िता ने कई साल पहले घर छोड़ दिया था और जयपुर चली गई थी। हाल ही में वह अपने जयपुर निवासी दोस्त बाबर के साथ सतलापुर अपने मायके आई हुई थी। जब निष्कर्ष को यह बात पता चली तो वह आपा खो बैठा और 'सबक सिखाने' के नाम पर बाबर पर हमला कर दिया।
पुलिस ने हवाई फायर मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार न्यायलय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। - विजय त्रिपाठी, थाना प्रभारी सतलापुर
यह घटना सतलापुर थाना क्षेत्र में अपराधों की बढ़ती श्रृंखला का ताजा उदाहरण है। बीते एक साल में यहां करीब एक दर्जन हत्या के मामले सामने आए हैं। चोरी और डकैती के प्रयास भी लगातार हो रहे हैं। हाल ही में मंडीदीप में एक किशोरी की गला रेतकर हत्या का मामला भी सामने आ चुका है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में सक्रिय है, लेकिन स्थानीय लोग क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर बेहद चिंतित हैं।
वहीं एक अन्य मामले में प्रेम विवाह के बाद पत्ति पर प्रताड़ना का आरोप लगाने का मामला सामने आया है। थाना प्रभारी अंजना दुबे ने बताया कि जहांगीराबाद क्षेत्र की निवासी 24 वर्षीय फरियादी ने पति अलजेन खान पर शारीरिक, मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उनका निकाह 4 अगस्त 2022 को हुआ था। दोनों की एक 3 वर्षीय पुत्री भी है।