
Bhopal News : केंद्रीय सहाकारिता एवं गृहमंत्री अमित शाह कई महत्वपूर्ण आयोजनों के तहत शनिवार 3 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रहे। दिनभर में उन्हें कई कार्यक्रमों में शामिल होना था, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते वो सभी कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सके। सबसे पहले वो 'राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन' में शामिल हुए, जिसमें भाषण के दौरान उनका फोकस कुछ महत्वपूर्ण बातों पर रहा।
अपने भाषण के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि, दंड का प्रावधान सिर्फ अपराधियों को अपराध से रोकने के लिए होता है। भोपाल में नवीन न्याय संहिताओं की प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ। हमारी न्याय व्यवस्था कभी 'तारीख पर तारीख' के तानों के लिए जानी जाती थी, लेकिन अब नए आपराधिक कानूनों के पूरी तरह क्रियान्वयन के बाद आने वाले 1.5 वर्षों में FIR से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक 3 वर्षों में न्याय दिलाने का पूरा काम हो जाएगा। इन कानूनों के पूर्ण क्रियान्वयन के बाद हमारी न्याय व्यवस्था दुनिया की सबसे आधुनिक न्याय प्रणालियों में शामिल होगी।
उन्होंने ये भी कहा कि, एक साल पहले शुरु हुई श्वेत क्रांति-2 के अंतर्गत देशभर के ग्रामीण क्षेत्रों में 75 हजार नई डेयरियां स्थापित की जाएंगी, जिनमें सबसे ज्यादा डेयरियां मध्य प्रदेश में स्थापित की जाएंगी। साथ ही, प्रदेश में संचालित 46 हजार मौजूदा डेयरियों को भी सशक्त और आधुनिक बनाने की व्यवस्था की जाएगी।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने अपने भाषण के दौरान कहा कि, 'हम मध्य प्रदेश को पूरी तरह से नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश को नारकोटिक्स (मादक पदार्थों) के जाल से पूरी तरह मुक्त करने के लिए आज हम एक सूक्ष्म एवं ठोस कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं। मैं मध्य प्रदेश के सभी अभिभावकों, विशेषकर माताओं को यह विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि 31 दिसंबर 2029 के बाद प्रदेश में नशे का कोई स्थान नहीं रहेगा और हमारे युवाओं का भविष्य सुरक्षित व उज्ज्वल होगा।'