
IPS Abhijit Ranjan : मध्यप्रदेश कैडर के आइपीएस अफसर अभिजीत रंजन के खिलाफ जांच के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। जबलपुर के एक अधिवक्ता की शिकायत पर यह कदम उठाया गया है। गृह मंत्रालय द्वारा पत्र भेजे जाने के साथ ही आइपीएस अभिजीत रंजन एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। वे अभी भोपाल के पुलिस ट्रेनिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (पीटीआरआइ) में एआइजी के रूप में पदस्थ हैं। इससे पहले आइपीएस अभिजीत रंजन कटनी के एसपी थे। तब वहां सीएसपी (CSP) के रूप में ख्याति मिश्रा पदस्थ थीं। उनके तहसीलदार पति शैलेंद्र बिहारी शर्मा ने अपनी पत्नी को लेकर कटनी के तत्कालीन एसपी अभिजीत रंजन पर अनेक गंभीर आरोप लगाए थे जिसके बाद उन्हें वहां से हटा दिया गया था। अब गृह मंत्रालय के पत्र से उनकी मुश्किलें फिर बढ़ती दिख रहीं हैं।
कटनी की तत्कालीन सीएसपी ख्याति मिश्रा, उनके पति दमोह में पदस्थ तहसीलदार शैलेंद्र बिहारी शर्मा और तत्कालीन एसपी अभिजीत रंजन का विवाद मध्यप्रदेश के सर्वाधिक चर्चित प्रशासनिक मामलों में से एक है। तहसीलदार शर्मा ने तत्कालीन एसपी रंजन पर अपनी पत्नी को ब्लैकमेल करने, परिवार से दूर करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उनकी बाकायदा लिखित शिकायत की थी।
उधर तत्कालीन सीएसपी ख्याति मिश्रा ने अपने पति द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह आधारहीन बताया था। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने पति के खिलाफ ही अनर्गल शिकायतें करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
आरोप प्रत्यारोपों के बीच मई 2025 में ख्याति मिश्रा के सरकारी बंगले पर उनके मायके और ससुराल पक्ष के बीच जोरदार विवाद हो गया। पुलिस पर परिजनों को थाने में बंद करने और मारपीट के भी आरोप लगे। यह मामला तूल पकड़ने और डीआईजी (DIG) स्तर की जांच के बाद तत्कालीन एसपी अभिजीत रंजन और सीएसपी ख्याति मिश्रा को कटनी से हटा दिया गया था।
विवादित मामले पर फील्ड पोस्टिंग से हटाने के बाद आइपीएस अभिजीत रंजन कार्यालय में सेवाएं दे रहे थे। अब गृह मंत्रालय में सख्ती से उनकी मुश्किलें पुन: बढ़ गई हैं। करीब डेढ़ साल बाद अभिजीत रंजन पुन: चर्चा में आ गए हैं। जबलपुर की एक अधिवक्ता ने गृह मंत्रालय को उनकी शिकायत की।