
भोपाल/ जम्मू और कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकियों ने भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) नेता वसीम बारी की हत्या कर दी। आतंकी हमले में वसीम के भाई और पिता को भी गोली लगी थी, बाद में दोनों की भी मौत हो गई। शेख वसीम बारी की हत्या पर भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी दुख जताया। सीएम ने वसीम बारी के साथ एक फोटो ट्वीट किया, जिसे उन्होंने भाजपा नेता के साथ कश्मीर में हुई भेंट का जिक्र किया। साथ ही, आतंकियों द्वारा की गई उनकी हत्या के कुकृत्य को राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
सीएम ने ट्वीट कर दी वसीम बारी को श्रद्धांजलि
वसीम बारी के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा कि, ये अत्यंत दुखदाई है कि, राष्ट्र प्रेमी श्री #WasimBari के साथ ऐसा कुकृत्य हुआ है। कश्मीर में हुई भेंट के दौरान उनकी बातों से मुझे उनके एक जुझारू राष्ट्र प्रेमी होने का एहसास हुआ था। यह राष्ट्र की अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि! विनाशक शक्तियों का हम और तेजी से खात्मा करेंगे।
पिता और भाई की भी हत्या
बीजेपी नेता वसीम बारी के साथ उनके भाई उमर सुल्तान और पिता बशीर अहमद शेख की भी हत्या की गई है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9 बजे आतंकियों ने बीजेपी के जिला अध्यक्ष वसीम बारी पर उनकी दुकान के बाहर गोलीबारी की गई। इस गोलीबारी में उनके भाई उमर सुल्तान और पिता बशीर अहमद भी घायल हो गए। हालांकि, वसीम बारी की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, उनके पिता और भाई गंभीर घायल हुए थे। इसके चलते दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वसीम बारी की हत्या पर दुख जताया। भाजपा नेता जितेंद्र सिंह के मुताबिक, 'पीएम मोदी ने फोन पर वसीम बारी की हत्या के बारे में जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने वसीम के परिवार के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।' वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वसीम की मौत पर ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'हमने बांदीपोरा में शेख वसीम बारी, उनके पिता और भाई को खो दिया। ये पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं, पूरी पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है, मैं सुनिश्चित करता हूं कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।'