भोपाल

कांग्रेस की सीट छीनने 8 विधायकों की जरूरत, इधर जीतू पटवारी बोले- एमएलए खरीदने बीजेपी के पास अथाह पैसा

Rajyasabha Chunav- कांग्रेस में क्रास वोटिंग के खतरे के बीच प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का बड़ा बयान, कहा कि बीजेपी के पास विधायकों को खरीदने के लिए पैसोें का अकल्पनीय भंडार पर लोकतांत्रिक मर्यादा याद रखे

2 min read
Jun 07, 2026
Jitu Patwari says BJP has immense funds to buy MLAs
Jitu Patwari- File Pic

Jitu Patwari- मध्यप्रदेश में राज्यसभा की लड़ाई रोचक मोड़ पर आ गई है। जिन 3 सीटों पर चुनाव होना है उनमें से 2 बीजेपी के पास है और 1 पर कांग्रेस का कब्जा है। संख्या बल के लिहाज से बीजेपी की दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित है पर पार्टी की नजर कांग्रेस की सीट पर भी है। सत्ताधारी दल विपक्ष की इस सीट पर भी काबिज होना चाहता है जिसके लिए उसे महज 8 विधायकों की दरकार है। कांग्रेस में वर्चस्व के लिए चल रही अंदरूनी लड़ाई और कुछ दिग्गजों में असंतोष की खबरें हैं। बीजेपी इस स्थिति को अपने पक्ष में भुनाने की जुगत भिड़ा रही है। कांग्रेस में क्रास वोटिंग के इस खतरे के बीच प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी के पास विधायकों को खरीदने के लिए पैसोें का अकल्पनीय भंडार है पर वह लोकतांत्रिक मर्यादा याद रखे। हम ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।

बीजेपी के राज्यसभा के दोनों उम्मीदवारों तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल शनिवार को अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। नामांकन के समय दोनों नेताओं ने अपनी संपत्ति के आंकड़े पेश किए हैं। तरुण चुघ के पास कुल 21.96 करोड़ की संपत्ति है। इनमें 14.68 की चल संपत्ति और 7.28 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। दूसरे उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल के पास 2.13 करोड़ की कुल संपत्ति में से चल 96.71 लाख की और अचल संपत्ति 1.16 करोड़ की दर्शाई गई है।

तीसरी सीट का गणित

मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 विधायक हैं। विजयपुर के कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के पास वोटिंग का अधिकार नहीं है। दतिया से राजेंद्र भारती की सीट खाली है। इस प्रकार अब 228 विधायक बचे हैं। राज्यसभा की 1 सीट जीतने 58 की जगह 57 विधायकों के वोट चाहिए। भाजपा के 163, कांग्रेस के 66, आदिवासी पार्टी का 1 विधायक है। भाजपा 57-57 विधायकों से 2 सीटें आसानी से निकाल लेगी। तीसरी सीट के लिए उसके पास 49 विधायक बचेंगे। ऐसे में कांग्रेस की राज्यसभा सीट छीनने के लिए बीजेपी को 8 विधायक चाहिए

तीसरी सीट के लिए बीजेपी की तैयारी को देखते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस भी सतर्क है। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं ने विधायकों की एकजुटता की बात कही है। इसके बाद भी क्रास वोटिंग की चर्चा थम नहीं रही है।

भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करे अन्यथा ईंट का जवाब पत्थर से देंगे

अब प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस संबंध में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी खरीद फरोख्त का काम करती रही है। उसके पास विधायकों को खरीदने के लिए अथाह पैसा भी है। जीतू पटवारी ने बीजेपी को खुली चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करे अन्यथा ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।

मीनाक्षी नटराजन 5 लाख परसेंट राज्यसभा जाएंगी

बता दें कि शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की हर हाल में जीत का दावा किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूर्णत: एकजुट है और मीनाक्षी नटराजन 5 लाख परसेंट राज्यसभा जाएंगी।

Published on:
07 Jun 2026 01:55 pm