भोपाल

Datia By Election – बीजेपी को नरोत्तम मिश्रा पर विश्वास नहीं, उनके भरोसेमंदों को हटा रहे, जीतू पटवारी का बड़ा बयान

Datia By Election 2026 - दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा के बहाने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी को घेरा, अंतिम चरण में बीजेपी का जबर्दस्त शक्ति प्रदर्शन
2 min read
Jul 28, 2026
दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा के बहाने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी को घेरा, अंतिम चरण में बीजेपी का जबर्दस्त शक्ति प्रदर्शन
narottam mishra नरोत्तम मिश्रा (source- narottam mishra facebook page)

Datia By Election - दतिया विधानसभा के लिए उपचुनाव के प्रचार का अंतिम चरण चल रहा है। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के घनश्याम सिंह और बीजेपी के आशुतोष तिवारी के बीच है। दोनों दलों के नेता, जीत के लिए अपना सबकुछ झोंक रहे हैं। दतिया उपचुनाव को लेकर बीजेपी एकाएक कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी पर हमलावर हो गई है। एक वोट को 5 हजार रुपए देकर खरीदने संबंधी उनके बयान पर चुनाव आयोग से भी शिकायत की है। इस बीच जीतू पटवारी ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए अब नरोत्तम मिश्रा के नाम पर घेरा। उन्होंने कहा कि मिश्रा पर बीजेपी को विश्वास नहीं रहा है, उनके भरोसेमंद अधिकारियों, कर्मचारियों को हटाया जा रहा है।

अंतिम चरण में भाजपा ने जबर्दस्त शक्ति प्रदर्शन किया

मतदान से पहले चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में भाजपा ने जबर्दस्त शक्ति प्रदर्शन किया। सीएम मोहन यादव ने भी दतिया में बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने ग्वालियर अंचल को भविष्य में टेलीकॉम हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम होने की बात कही। इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी दतिया में चुनावी सभाओं को संबोधित कर चुके हैं।

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने सोमवार को दतिया शहर में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में रैली निकाली। बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ उनका रोड शो राजगढ़ चौराहे से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ किला चौक पहुंचा जहां जनसभा आयोजित की गई।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने दतिया के मोटेल रिसोर्ट में रावत समाज के प्रबुद्धजनों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी समाजों को साथ लेकर विकास और विश्वास की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान और विकास के लिए कार्य कर रही है।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने दतिया विधानसभा उपचुनाव को क्षेत्र के विकास और सुशासन की निरंतरता का चुनाव बताते हुए रावत समाज से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने का आह्वान किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, रामनिवास रावत, गंधर्व सिंह रावत, जवाहर सिंह रावत, जगदीश सिंह रावत सहित समाज के प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इधर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने दतिया में अपने प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करते हुए बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने बीजेपी पर वोट खरीदने की कोशिश करने का आरोप लगाया। जीतू पटवारी ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता पोलिंग बूथ लूटना चाहते हैं। मतदाताओं को धमकाया भी जा रहा है।

नरोत्तम मिश्रा के बहाने बीजेपी को घेरा

जीतू पटवारी ने नरोत्तम मिश्रा के बहाने बीजेपी को घेरा। दतिया में पुलिस महकमे में हुए तबादलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 6—7 टीआई बदल दिए जबकि किसी ने थानेदारों की शिकायत नहीं की थी। उन्हें इसलिए हटाया गया क्योंकि वे नरोत्तम मिश्रा के करीबी थे। जीतू पटवारी ने स्पष्ट कहा कि बीजेपी को नरोत्तम मिश्रा पर अब जरा भरोसा नहीं हैं। उनके थानेदारों को हटाकर अपने लोग लाए। वे पुलिस की गाड़ी में पैसा और शराब लाएंगे।

Updated on:
28 Jul 2026 01:59 pm
Published on:
28 Jul 2026 01:58 pm