hanuman janmotsav: 'हनुमंत जन्मोत्सव' पर भक्ति का विराट समागम, नौका विहार और काशी की तर्ज पर हुई महाआरती ने मोहा मन; हजारों श्रद्धालुओं ने लिया महाप्रसाद।
hanuman janmotsav: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐतिहासिक एवं सिद्ध स्थल श्री राम मंदिर, खटलापुरा सरकार के दिव्य दरबार में 'श्री हनुमंत जन्मोत्सव' का महापर्व अत्यंत भव्यता, दिव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। श्री खटलापुरा सरकार सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित इस महोत्सव ने अपनी भव्यता से राजधानी के सबसे प्रमुख धार्मिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराई। पूरे दिन मंदिर परिसर 'जय श्री राम' और 'वीर हनुमान' के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा, जिसमें हजारों की संख्या में भक्त शामिल हुए।
इस वर्ष महोत्सव का सबसे प्रमुख और मनमोहक आकर्षण श्री हनुमान सरकार का भव्य 'नौका विहार' रहा। सूर्यास्त के समय जब प्रभु की प्रतिमा को सुसज्जित नौका में विराजित कर जलधारा के बीच ले जाया गया, तो किनारे पर खड़े हजारों भक्तों की आँखें उस अलौकिक दृश्य को निहारती रह गईं। नौका विहार के उपरांत खटलापुरा घाट पर काशी (वाराणसी) से विशेष रूप से आमंत्रित विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाआरती की गई। ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और सैकड़ों दीपों की जगमगाहट ने खटलापुरा घाट पर साक्षात काशी जैसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित कर दिया। इसके साथ ही आकाश में हुई भव्य आतिशबाजी ने उत्सव के उल्लास को सातवें आसमान पर पहुँचा दिया।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ आयोजित भव्य भजन संध्या में भोपाल के प्रसिद्ध गायक चेतन शर्मा और देवास की मशहूर गायिका नीलम जायसवाल ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जब गायक कलाकारों ने "दुनिया चले न श्री राम के बिना…" और हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ शुरू किया, तो समूचा पंडाल भक्ति भाव में डूबकर नाचने लगा। सुर और ताल के इस संगम ने देर रात तक भक्तों को बांधे रखा।
सेवा और समर्पण की परंपरा को निभाते हुए समिति द्वारा इस अवसर पर विशाल नगर भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन समिति के अनुसार, लगभग 11,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रभु का आशीर्वाद स्वरूप महाप्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मुस्तैद रहे।
महोत्सव की अभूतपूर्व सफलता पर श्री खटलापुरा सरकार सेवा समिति के अध्यक्ष राहुल दुबे, संरक्षक श्री कृष्णा घाडगे एवं श्री राम मंदिर समिति के समस्त पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन, नगर निगम, सभी सेवादारों और विशेष रूप से भोपाल की धर्मप्रेमी जनता का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह विराट आयोजन निर्विघ्न संपन्न हुआ।