3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में पत्नी ने ज्वेलरी शॉप से ‘चुराए’ सोने के टॉप्स, थाने लेकर पहुंचा पति

MP News: पत्नी के द्वारा ज्वेलरी शॉप से उठाकर लाए गए सोने के टॉप्स लेकर आधे घंटे बाद पुलिस थाने पहुंचा पति, बोला- पत्नी मानसिक रूप से बीमार है।

2 min read
Google source verification
shivpuri

jewellery shop theft woman steals gold earrings husband takes her to police

MP News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने ज्वेलरी शॉप से चुपचाप सोने के टॉप्स उड़ा लिए। सराफा दुकानदार को सोने के टॉप्स उड़ाने का बिलकुल भी एहसास नहीं हुआ लेकिन जब उसने सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो महिला की करतूत के बारे में पता चला। सीसीटीवी में महिला सोने के टॉप्स उड़ाते साफ नजर आ रही थी। महिला के द्वारा सोने के टॉप्स उड़ाने का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सराफा बाजार में हड़कंप मच गया लेकिन आधे घंटे बाद ही ऐसा कुछ हुआ जिसने सभी को हैरान कर दिया।

महिला ने उड़ाए सोने के टॉप्स

मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है यहां एक ज्वेलरी दुकान पर शुक्रवार को ग्राहकों की भीड़ थी। इसी बीच दुकान से एक महिला सोने के टॉप्स उड़ाकर ले गई। दुकानदार ने जब सीसीटीवी फुटेज देखे तो इस बात का पता चला। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दुकानदार ग्राहकों को जेवरात दिखा रहा है तभी पीछे खड़ी महिला सोने के टॉप्स उठाकर एक प्लास्टिक की डिब्बी में रख लेती है। डिब्बी में सोने के टॉप्स रखने के बाद महिला पास ही में खड़े पुरुष के पीछे जाकर खड़ी हो जाती है और फिर कुछ देर बाद दुकान से चली जाती है।

थाने पहुंचा पति

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सराफा बाजार में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया और घटना का पता चलते ही कोतवाली पुलिस भी कार्रवाई में जुट गई। पुलिस महिला की शिनाख्त करने में जुटी हुई थी लेकिन तभी करीब आधे घंटे बाद ही राकेश शर्मा नाम के व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ कोतवाली पहुंचे। राकेश शर्मा की पत्नी वही महिला थी जो सीसीटीवी फुटेज में दुकान से सोने के टॉप्स उठाते नजर आ रही थी।

टॉप्स वापस कर बताया सच

राकेश शर्मा ने पुलिस को सोने का टॉप्स सौंपते हुए बताया कि उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वो पत्नी के टॉप्स ठीक कराने के लिए दुकान पर गए थे और पत्नी को बाहर खड़े रहने के लिए कहा था। पत्नी कब दुकान के अंदर आ गई और सोने के टॉप्स उठा लिए इसका उन्हें पता नहीं चला। घर जाकर जब सोने के टॉप्स और सोशल मीडिया पर वीडियो देखा तो सच पता चला तो तुरंत पुलिस थाने आए। पति राकेश शर्मा ने पत्नी के इलाज से संबंधित दस्तावेज भी दिखाए जिसके बाद व्यापारी की सहमति से पुलिस ने टॉप्स वापस दुकानदार को दिलाए और पति-पत्नी के खिलाफ कोई कार्रवाई न करते हुए उन्हें जाने दिया।