भोपाल

एमपी की 29 सीटों में होगा बड़ा फेरबदल, 2 टुकड़ों में बंटेंगे दिग्गजों के लोकसभा क्षेत्र

Lok Sabha Constituencies : परिसीमन बिल के कारण एमपी में बीजेपी के कई दिग्गज नेताओं की सीटों में होगा व्यापक बदलाव, महानगरोें में हो सकते हैं दो सांसद
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 1:37 PM IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, शिवराज सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया की एआई तस्वीर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, शिवराज सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया की एआई तस्वीर

Lok Sabha Constituencies : केंद्रीय कैबिनेट ने लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाकर देशभर के सियासी हल्कों में हलचल मचा दी है। अब संसद में परिसीमन बिल पेश किया जाएगा। सांसदों के बहुमत द्वारा इसे पास करते ही लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ जाएंगी। महिलाओं को आरक्षण देने के लिए केंद्र सरकार यह कवायद कर रही है जिसका मध्यप्रदेश पर भी खासा प्रभाव पड़ेगा। परिसीमन कानून लागू होने के बाद प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों का भूगोल बदल जाएगा। राज्य के कई दिग्गज नेताओं की संसदीय सीटें 2 टुकड़ों में बंट जाएंगी।

महिला आरक्षण के लिए लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। केंद्र सरकार प्रस्तावित कानून के लागू होने के बाद परिसीमन आयोग का गठन करेगी। परिसीमन आयोग लोकसभा-विधानसभा सीटों का आवंटन प्रावधानों के अनुसार करेगा। महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का आवंटन रोटेशन से होगा।

पीएम ने कहा था: हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे

देश में बीजेपी का प्रभुत्व बनाए रखने के लिए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी का मास्टर स्ट्रोक बताया जा रहा है। पहली बार विधेयक गिरने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि हमारे पास संख्या बल नहीं था, इसका मतलब ये नहीं है कि हम हार गए। हमारा इरादा अडिग है। हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे।

केंद्र के इस फैसले का मध्यप्रदेश पर भी खासा असर होगा। प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 44 हो जाएंगी। इसके लिए मौजूदा सीटों में व्यापक फेरबदल होगा। लोकसभा सीटें बढ़ाने के लिए वर्तमान संसदीय क्षेत्रों की सीमाओं में कतर—ब्योंत होगी। नई सीटों के साथ ही राज्य में नए सियासी समीकरण बनेंगे। प्रदेश की राजनीति में नए चेहरों की भी एंट्री होगी। खासतौर पर महिला दावेदार सामने आएंगी।

दिग्गजों की लोकसभा सीटों में होगा व्यापक बदलाव

परिसीमन बिल के पास होते ही मध्यप्रदेश में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर जैसी संसदीय सीटोें पर सर्वाधिक असर पड़ेगा। प्रदेश के इन महानगरों से अब 2-2 सांसद हो सकते हैं। राज्य के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री हैं। वे विदिशा लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए हैं। इसी तरह ज्योतिरादित्य सिंधिया में केंद्र में मंत्री हैं जोकि गुना शिवपुरी संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे सभी दिग्गजों की लोकसभा सीटों में व्यापक बदलाव होगा।

Updated on:
28 Nov 2026, 1:37 PM IST
Published on: