भोपाल

एमपी में LPG गैस सिलेंडर का संकट, बुकिंग ठप, फोन तक नहीं उठा रहे अफसर

MP News: एमपी में LPG गैस सिलेंडर का ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा और एजेंसी अधिकारियों से संपर्क भी नहीं हो पा रहा। कई जगह लोगों को सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
2 min read
Mar 16, 2026
CG LPG Supply: LPG सप्लाई पर बड़ा फैसला: शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को मिलेगी 100% गैस, होटलों के लिए नई गाइडलाइन तय...
(फोटो- Patrika.com)

LPG Cylinder online booking: ईरान-अमरीका युद्ध के बीच गैस सिलेंडरों की किल्लत दिखने लगी है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतार व अव्यवस्था देखते हुए सरकार ने कड़े कदम उठाए। नतीजा, 6 दिन में प्रदेश में कालाबाजारी व जमाखोरी करने वाली 8 एजेंसियों व उनके एजेंटों पर एफआइआर दर्ज की गई है। उनसे 1357 भरे व खाली सिलेंडर मिले हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने गैस, पेट्रोल-डीजल की नियमित आपूर्ति के लिए मंत्रिमंडल स्तर की समिति बनाई। इसके बाद घरेलू गैस की आपूर्ति में सुधार का दावा किया गया है। हालांकि कई जगह होम डिलीवरी सेवा बहाल नहीं हुई है। ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था पटरी पर आ गई है। सरकार ने सभी कलेक्टरों को वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी या देरी पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। (MP News)

10 हजार बुकिंग… उपभोक्ताओं के फोन नहीं उठा रहे अफसर

प्रशासन ने आरटीओ से लेकर डीईओ, महिला बाल विकास अधिकारी समेत 22 अफसरों को समन्वय के लिए एजेंसीवार नियुक्त किया है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस समय दस हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्हें चार दिन हो गए, सिलेंडर नहीं मिला है। नेहरू नगर निवासी आशीष विश्वकर्मा का कहना है. उनके यहां जिन अधिकारी का नंबर दिया है। उन्हें कॉल किया तो वह पिक नहीं कर रहे।

शिवम शर्मा का कहना है, महिला बाल विकास अधिकारी सुनील सोलंकी को लालघाटी-बैरागढ़ का जिम्मा है, लेकिन वे कॉल नहीं उठा रहे। इकबाल खान का कहना है, जिला रोजगार अधिकारी स्वप्रिल श्रीवास्तव को कॉल लगा रहे, वे भी रीसिव नहीं कर रहे हैं। खाद्य आपूर्ति जिला नियंत्रक सीएस जादौन का कहना है, जहां दुकानें बंद मिलने की सूचना मिली, उन्हें खुलवाया गया। सूचना पर कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने बनाए 8 प्रकरण, आज तय होगा एक्शन

एलपीजी के अवैध उपयोग, परिवहन, भंडारण को लेकर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने बीते दिनों में आठ प्रकरण दर्ज किए। इस दौरान 650 सिलेंडर जब्त किए थे। आज इन्हें कलेक्टर के समक्ष रखा जाएगा, जहां कार्रवाई तय होगी। इनमें ममता गैस एजेंसी, लालघाटी, विनित गैस एजेंसी, जंबूरी मैदान समेत चार रेस्टोरेंट शामिल हैं। इनमें अवैध तरीके से कमर्शियल सिलेंडर लिया गया था। गांधी नगर में भी एक केस दर्ज किया गया था। जिला खाद्य नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया, इनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने से लेकर जुर्माना तय किया जाएगा।

अवैध तरीके से गैस रिफिल कर रहे दो पर केस

राजधानी में गैस सिलेंडर की कमी के बीच अवैध तरीके से सिलेंडर रिफिल करने वाले दो लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किए हैं। निशातपुरा थाना के अनुसार खाद्य विभाग के अफसरों की शिकायत पर रतन कॉलोनी करोंद निवासी कमलेश साहू के खिलाफ केस दर्ज किया है। वह अवैध तरीके से सिलेंडर रिफिल कर रहा था। इसी तरह, छोला मंदिर थाना इलाके में प्रीत नगर निवासी चंद्रमोहन साहू को भी अवैध तरीके से घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग कर छोटे-छोटे सिलेंडर में गैस भरते हुए पकड़ा गया है।

कल आएंगी गैस लदी दो शिप

सरकार का दावा है, घरेलू गैस उत्पादन 31% बढ़ी है। स्ट्रैट ऑफ हॉर्मुज से गैस के दो शिप भारत अ रही है। वे 16-17 मार्च तक कांडला व मुंद्रा पोर्ट पहुंचेगी।

1025 स्थानों पर धरपकड़

मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के निर्देशों पर अलग-अलग जिलों में 1025 स्थानों धरपकड़ की गई। खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग की एसीएस रश्मि अरुण शमी ने बताया, आठों प्रकरण जमाखोरी, कालाबाजारी और नियमों का उल्लंघन करने से जुड़े हैं। पहले की तरह पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, पीएनजी व घरेलु गैस उपलब्ध है। (MP News)

सरकार की एडवाइजरी

  • पैनिक बुकिंग न करें।
  • एजेंसी पर जाने की बजाय डिजिटल माध्यम से बुकिंग करें।
  • इन नंबरों पर गैस बुकिंग में मदद, शिकायत भी कर सकेंगेभारत गैसः 1800-22-4344इंडेन गैसः1800-2333-555एचपी गैसः 1800-2333-555
Updated on:
16 Mar 2026 12:42 pm
Published on:
16 Mar 2026 12:42 pm