
IPS Abhijit Ranjan : मध्यप्रदेश कैडर के आइपीएस अफसर अभिजीत रंजन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनके खिलाफ 25 अक्टूबर 2026 को भेजी गई एक शिकायत पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक्शन लिया है। गृह मंत्रालय ने इस संबंध में मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। लंबित जांच को लेकर की गई इस शिकायत से वर्तमान में भोपाल मुख्यालय में पदस्थ आइपीएस अभिजीत रंजन की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इससे पहले वे कटनी के एसपी थे। अधीनस्थ महिला अधिकारी से संबंधित विवाद के बाद आइपीएस अभिजीत रंजन को यहां से हटाया गया था। कटनी कार्यकाल के दौरान वे लगातार विवादों में बने रहे थे। जिले में अपराध तेजी से बढ़ते जा रहे थे लेकिन आइपीएस अभिजीत रंजन और उनकी टीम उनपर अंकुश लगाने में विफल हो रही थी। लोगों के विरोध को देखते हुए विधायक ने जनता दरबार लगाया था। इसमें आमजन उमड़ पड़े। तब एसपी अभिजीत रंजन ने खुद आश्वासन देकर लोगों का गुस्सा बमुश्किल शांत किया था।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के पत्र से चर्चा में आए आइपीएस अभिजीत रंजन का एसपी के रूप में कटनी का कार्यकाल बहुत विवादित रहा। वहां की तत्कालीन सीएसपी ख्याति मिश्रा के तहसीलदार पति शैलेंद्र कुमार ने उनपर गंभीर आरोप लगाए थे। इससे आमजन भी गुस्सा उठे थे। जनाक्रोश को देखते हुए सीएम मोहन यादव ने आइपीएस अभिजीत रंजन को कटनी के एसपी पद से हटा दिया था। उन्हें भोपाल बुला लिया गया था जबकि ख्याति मिश्रा और अन्य पुलिस अधिकारियों के भी तबादले कर दिए गए थे।
कटनी में एसपी रहते हुए अभिजीत रंजन को कई बार आमजनों के गुस्से का शिकार होना पड़ा था। पुलिस की लचर कार्यप्रणाली से जिला मुख्यालय पर ही अपराध तेजी से बढ़ने लगे थे। कटनी के माधव नगर थाना क्षेत्र के मेन बाजार निवासी राकेश उर्फ रॉकी मोटवानी पर 30 जनवरी 2025 की रात विनय वीरवानी, राहुल बिहारी, करन बिहारी, केतु उर्फ नीरज रजक और अन्य ने जानलेवा हमला किया था। घटना के बाद व्यापारियों ने माधव नगर बंद कर प्रदर्शन किया था। मुख्य आरोपी राहुल बिहारी पर कई केस दर्ज थे।
वारदात के विरोध में लोगों का गुस्सा देखते हुए फरवरी 2025 में भाजपा विधायक संदीप जायसवाल ने जनता दरबार बुलाया। शहर में बढ़ती गुंडागर्दी और पुलिस की लाचारी से त्रस्त होकर यहां बड़ी संख्या में आमजन आ जुटे।
जनता दरबार में लोगों का असंतोष देखकर एसपी अभिजीत रंजन को खुद आगे आना पड़ा। वे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा के साथ यहां पहुंचे। आइपीएस अभिजीत रंजन ने अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने और पुलिस कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग माने थे।