भोपाल

Mohit Gogia : सेकेंड हेंड कारें बेचता था मोहित गोगिया, लग्जरी प्रोफाइल से कमा लिए 1000 करोड़

Mohit Gogia : कॉलेज ड्रॉपआउट है ठग मोहित गोगिया, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ईओडब्ल्यू ने उसके खिलाफ पेश किया है चालान
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 11:19 AM IST
ठग मोहित गोगिया king_gogia
ठग मोहित गोगिया image instagram king_gogia

Mohit Gogia : तिहाड़ जेल में बंद महाठग मोहित गोगिया एक बार पुन: सुर्खियों में है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ईओडब्ल्यू ने उसके खिलाफ चालान पेश कर दिया है। गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक की शिकायत पर मोहित गोगिया द्वारा ठगी के मामले में विशेष अदालत में ये चालान पेश किया गया है। इसके साथ ही उसकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। मोहित गोगिया के खिलाफ पहले से ही ठगी के कई मामले दर्ज हैं। वह दिल्ली, पंजाब और गोवा समेत देश के अनेक राज्यों में वारदातें कर चुका है। खास बात यह है कि मोहित गोगिया एक कॉलेज ड्रॉपआउट है। उसने सेकेंड हेंड कार बेचने का काम किया लेकिन महत्वकांक्षाएं पूरी करने के लिए गलत रास्ता चुन लिया। मोहित गोगिया ने अपनी लग्जरी प्रोफाइल बनाई। इसके बल पर कई रईसोें से ठगी कर 1000 करोड़ की भारी भरकम राशि कमाई।

भोपाल के डेयरी कारोबारी किशन मोदी से 10 करोड़ रुपए की ठगी मामले ने तिहाड़ जेल में बंद मोहित गोगिया की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उसके खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने शिकंजा कसते हुए किशन मोदी ठगी केस में चालान पेश कर दिया है। मोहित गोगिया पर बैंक लोन सेटल कराने का झांसा देकर रकम ऐंठने का आरोप है। भोपाल की गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी ने ईओडब्ल्यू में शिकायत की थी कि गोगिया ने बैंक का कर्ज सेटल कराने का भरोसा दिलाकर उनसे 10 करोड़ रुपए लिए। भरोसा जीतने के लिए उसने फर्जी चैट दिखाकर कहा था कि एसबीआइ की जीएम कुंदन ज्योति से बातचीत हो रही है। ईओडब्ल्यू ने जांच के बाद मोहित गोगिया, उसकी पत्नी श्वेता गोगिया और एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना और आइटी एक्ट की धाराओं में एफआइआर दर्ज की थी।

मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के पूर्व ओएसडी दीपम रायचुरा पर एक करोड़ रुपए की रिश्वत लेने का आरोप लगाकर मोहित गोगिया ने प्रदेश के राजनैतिक और प्रशासनिक हल्कों में सनसनी मचा दी थी। उसके आरोप के बाद रायचुरा को ओएसडी पद से हटाकर निलंबित कर दिया गया था। वे अभी अनेक जांचों में घिरे हैं।

कॉलेज ड्रॉप बना महाठग

बिजनेसमैन मोहित गोगिया को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसने फर्जी कंपनियों और बैंक कागजातों से रियल एस्टेट के बड़े दिग्गजों को ठगा। 38 साल का मोहित गोगिया सेकेंड ईयर कॉलेज ड्रॉपआउट है। उसने करीब 14 साल पहले फाइनेंस और सेकंड-हैंड कार बेचने का काम शुरू किया था पर वह इससे संतुष्ट नहीं था। उसने 2016 में एक फाइनेंस कंपनी बनाई। मोहित गोगिया ने इन्वेस्टर्स को फंसाने के लिए शातिराना ढंग से अपनी योजना को अंजाम दिया। उसने अपनी लग्जरी प्रोफाइल बनाकर लोगों को चूना लगाया। इन्वेस्टर्स को फर्जी ऑक्शन रिपोर्ट से लेकर फर्जी सेल सर्टिफिकेट, पजेशन लेटर और फर्जी बैंक ड्राफ्ट तक थमाए।

Updated on:
24 Nov 2026, 11:19 AM IST
Published on: