
Mohit Gogia : एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के मोहित गोगिया और उसकी पत्नी श्वेता गोगिया 10 करोड़ की ठगी के मामले में फंस गए हैं। गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी की शिकायत पर मध्यप्रदेश शासन की आर्थिक अपराध शाखा EOW द्वारा इस मामले में चार्ज शीट प्रस्तुत कर दी गई है। मोहित गोगिया और उसकी पत्नी श्वेता गोगिया के खिलाफ अब भोपाल कोर्ट में केस चलेगा। दोनों आरोपी अभी तिहाड़ जेल में बंद हैं। महाठग मोहित गोगिया पर ठगी के कई मामले दर्ज हैं। अकेले यूनिटी ग्रुप के साथ ही उसने ₹135 करोड़ की ठगी की। जांच अधिकारियों के अनुसार मोहित गोगिया ने गुड़गांव के एक मॉल को भी 500 करोड़ में बेचने की कोशिश की थी। उसने फर्जी लेटरहेड, फर्जी बैंक ऑक्शन रिपोर्ट और बारकोड वाले पेपर्स से कई रईसों को चूना लगाया।
भोपाल की गायत्री फूड प्रोडक्ट्स डेरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी है। इसके संचालक किशन मोदी ने मोहित गोगिया पर 10 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने कर्ज सेटल कराने के बहाने यह रकम ऐंठी। मोहित गोगिया ने किशन मोदी का भरोसा जीतने के लिए एक चैट दिखाई। इसमें दावा किया था कि भारतीय स्टेट बैंक की जीएम कुंदन ज्योति से उसकी बातचीत हो रही है। हालांकि बाद में यह चैट फर्जी निकली।
मध्यप्रदेश की आर्थिक अपराध शाखा EOW ईओडब्ल्यू की जांच में मोहित गोगिया और उसकी पत्नी श्वेता दोषी पाए गए। बैंक ने ऐसी किसी भी बातचीत से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद ईओडब्ल्यू ने अगस्त, 2025 में मोहित गोगिया, उसकी पत्नी श्वेता गोगिया और कंपनी एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। अब चालान पेश करते हुए EOW ने जांच अधिकारियों ने कोर्ट में दावा किया है कि एजेंसी के पास दोनों आरोपियों के खिलाफ कई पक्के सबूत हैं।
मोहित गोगिया पर देशभर में करीब 1000 करोड़ की ठगी के आरोप हैं। उसके पास अनेक लग्जरी कारों का काफिला था। वह अभी जेल में ही है। जांच में मोहित गोगिया पर देशभर में कम से कम 12 केस दर्ज पाए गए हैं। इनमें गुड़गांव के एंबियंस मॉल का मामला भी है। मोेहित गोगिया ने इस मॉल को 500 करोड़ में बेचने की कोशिश की थी।
1987 में जन्मा मोहित गोगिया कॉलेज ड्रॉपआउट है। उसने सेकंड-हैंड कारों का काम भी किया था लेकिन महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए गलत राह चुन ली।