Bhopal School Forms : भोपाल में नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों का निजी स्कूलों में दाखिला कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों के सामने इस बार कई तरह की चुनौतियां हैं। शहर के निजी स्कूलों ने सत्र 2027- 28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन आवेदन से पहले ही अभिभावकों को उम्र की पात्रता, रजिस्ट्रेशन शुल्क, जरूरी दस्तावेज और सीटों की उपलब्धता जैसी जानकारियों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नर्सरी में प्रवेश के लिए न्यूनतम उम्र तीन साल निर्धारित है, लेकिन उम्र की गणना की तारीख हर स्कूल की अलग है। वहीं आवेदन शुल्क 500 से 2 हजार रुपए तक होने से कई स्कूलों में फॉर्म भरना भी महंगा पड़ रहा है। दिल्ली में जहां रजिस्ट्रेशन शुल्क महज 25 रुपए है वहीं भोपाल में स्कूलों का फॉर्म भरने पर 6 हजार तक का खर्चा है।