भोपाल

MP में यहां मिलता है सबसे महंगा पेट्रोल! जानिये क्या है आपके शहर में आज पेट्रोल का रेट

महंगे पेट्रोल के लिए प्रसिद्ध MP का एक जिला जहां का रेट है सबसे ज्यादा, आज का रेट है 82.62रु. प्रति लीटर...

2 min read
Apr 03, 2018
petrol rates

भोपाल। ये तो अधिकतर लोग जानते हैं कि मध्य प्रदेश में पेट्रोल की कीमत हमेशा ही अन्य राज्यों की अपेक्षा अधिक रही है। वहीं अब तो सड़क के नाम पर लगाए गए एक प्रतिशत सेस के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। इस सब के बीच राजधानी भोपाल में मंगलवार को पेट्रोल 79.49 और ग्वालियर में 79.41 रुपए प्रति लीटर हो गया। जबकि प्रदेश के ही एक जिले में इसका रेट 82.62रु. प्रति लीटर तक जा पहुंचा।

रेट सुन कर उड़ जाएंग होश!
क्या आपको मालूम है कि प्रदेश में एक जिला ऐसा भी है जहां पेट्रोल की कीमत सुनकर आप दंग रह जाएंगे। जी हां, एक तो वैसे ही मध्यप्रदेश में पेट्रोल अन्य राज्यों से महंगा है, उसमें भी मध्यप्रदेश में एक ऐसा जिला है जहां प्रदेश के ही अन्य जिलों से महंगा पेट्रोल मिलता है।

जी हां, हम बात कर रहे हैं डिंडोरी की... मध्यप्रदेश के शहडोल व बालाघाट सहित उमरिया व मंडला से जुड़ा ये जिला बैगा जनजाति के लिए खासतौर पर जाना जाता है। डिंडोरी को एक पिछड़ा और गरीब क्षेत्र माना जाता है, इसके बावजूद लंबे समय से यहां पेट्रोल के दाम 80 रुपए लीटर के पार ही चल रहे हैं। वहीं सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश में सबसे महंगा पेट्रोल यहीं मिलता है।

दरअसल आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जहां पेट्रोल का रेट 79.49रु. प्रति लीटर है वहीं इसी समय प्रदेश के ही डिंडोरी जैसे आदिवासी जिले में पेट्रोल का रेट 82.62रु. प्रति लीटर चल रहा है।

ऐसे समझें दामों में अंतर...
दिनांक... : भोपाल... : डिंडोरी...
03-04-2018 : ₹ 79.49 : ₹ 82.62
02-04-2018 : ₹ 79.37 : ₹ 82.50
01-04-2018 : ₹ 79.27 : ₹ 82.39
31-03-2018 : ₹ 79.07 : ₹ 82.1894
30-03-2018 : ₹ 78.84 : ₹ 81.9501
29-03-2018 : ₹ 78.60 : ₹ 81.701
28-03-2018 : ₹ 78.42 : ₹ 81.514
27-03-2018 : ₹ 78.42 : ₹ 81.5135
26-03-2018 : ₹ 78.31 : ₹ 81.3996
25-03-2018 : ₹ 78.06 : ₹ 81.1398

टैक्स लगाने की छूट:
जानकारों के अनुसार पेट्रोल और डीजल के जीएसटी से बाहर होने की वजह से राज्य सरकार को वैट और अन्य करों के जरिए टैक्स लगाने की छूट मिली है। राज्य सरकार पेट्रोल पर 26.62 रुपए टैक्स वसूल रही है। इसमें 28 फीसदी वैट से 21.84 रुपए, चार रुपए एडिशनल टैक्स और एक प्रतिशत सेस की वजह से 78 पैसे शामिल है।

Published on:
03 Apr 2018 06:26 pm