डायल-100 में हर रोज पहुंच रही 44 शिकायतें,20 फीसदी बढ़ जाते हैं अपराध...
भोपाल। राजधानी का रविवार महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा असुरक्षित है। अन्य दिनों के मुकाबले रविवार को महिलाओं और युवतियों के साथ होने वाले अपराध बढ़ जाते हैं। खासकर छेड़छाड़, छींटाकशी और घरेलू झगड़े जैसे मामलों में 20 फीसदी अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। यह खुलासा पिछले एक साल से डायल-100 के पास पहुंचने वाली शिकायतों में हुआ है।
2017 में सालभर दिन के हिसाब से दर्ज हुए आंकड़ों की अगर बात करें तो रविवार को लगभग 2700 से अधिक शिकायतें डायल-100 के पास पहुंची हैं, जबकि शेष छह दिनों में यह आकड़ा 2300 से कम पाया गया है। डायल-100 के पास पहुंचने वाली शिकायतों में सबसे अधिक रविवार को शिकायत पहुंचती है। वहीं उसके बाद सोमवार को शिकायत होती है। इसके साथ ही बाकी पांच दिन औसतन शिकायत दर्ज की जाती है।
हमारे पास जो शिकायतें आती हैं तो उसका एनालिसिस किया जाता है। हम लोगों ने इसमे पाया कि अन्य दिनों के मुकाबले रविवार को ज्यादा शिकायतें आती हैं। दरअसल रविवार को छुट्टी होने के कारण लोग घुमने जाते हैं। वहां पर आवारा तत्व के लोग भी आते हैं। इस कारण इस तरह की शिकायते रविवार को ज्यादा आती हैं।
- अमित सक्सेना, एसपी डायल-100
ऐसे समझें पूरा आंकड़ा:
2017 में डायल 100 में पहुंची शिकायतें...
सोमवार : 2313
मंगलवार : 2258
बुधवार : 2258
गुरुवार : 2222
शुक्रवार : 2238
शनिवार : 2251
रविवार : 2714
वहीं इस सारे मामलों को लेकर डॉ. विनय मिश्रा, मनोविशेषज्ञ का कहना है कि अब महिलाओं पर ज्यादा जिम्मेदारी हैं, उनके अनुसार..
1. पहले पुरुषों द्वारा जो काम किया जाता था वो अब महिलाएं करने लगी हैं। सब्जी खरीदना, गैस लाना ये सब महिलाएं करने लगी हैं। इस कारण वो शिकार होती हैं।
2. महिलाएं पहले के मुकबले अब ज्यादा सशक्त हो गई हैं। छुट्टी के दिन वो अपना काम करती हैं।
3. पहले महिलाएं अकेले बाहर जाने में डरती थीं लेकिन अब वो बिना डर के बाहर जाती हैं। रविवार को मनचले भी रहते हैं इस कारण छेड़छाड़ जैसी घटनाएं बढ़ी हैं।
4. पहले महिलाओं पर बहुत पाबंदियां थी, अंधेरा होने से पहले घर आने की हिदायत होती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है। देर रात तक बाहर रहती हैं।
5. छुट्टी के दिन पति-पत्नी घर पर ही रहते हैं। इस कारण कई बार लोग ऑफिस का टेंशन घर में लेकर आते हैं और विवाद हो जाता है।
इधर, फिर हुई छेड़छाड़! : शहर के दो थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को छेड़छाड़ के दो मामले दर्ज हुए। शाहपुरा पुलिस ने बताया कि शाहजहांनाबाद में वाजपेयी नगर मल्टी निवासी 25 वर्षीय महिला के साथ निगम कर्मचारी आशीष मालवीय द्वारा छेड़छाड़ की गई।
शादी का झांसा देकर विधवा नर्स से दुष्कर्म: एक अन्य मामले में शाहजहांनाबाद थाना इलाके में एक मिनी बस चालक ने शादी का झांसा देकर विधवा नर्स से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि 25 वर्षीय महिला शाहपुरा इलाके में नर्स है। दौरान मिनी बस चालक आमिर से उसकी दोस्ती हो गई। आमिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा।