MP Budget 2026: वित्त मंत्री ने किसानों को बिजली बिल राहत के रूप में 2 योजनाओं में 19 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया
MP Budget 2026- वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मध्यप्रदेश का बजट बुधवार को राज्य विधानसभा में पेश किया गया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने राज्य का 4 लाख 38 हजार 317 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया है। प्रदेश का यह पहला रोलिंग बजट MP Budget 2026 है जबकि सीएम डॉ. मोहन यादव की सरकार का तीसरा बजट है। राज्य सरकार ने इसे GYANII बजट कहा है जिसमें G से गरीब, Y से युवा, A से अन्नदाता यानि किसान, N से नारी, I से इंफ्रास्ट्रक्चर और I इंडस्ट्रियलाइजेशन है। बजट में इनपर फोकस करते हुए 3 लाख करोड़ रुपए प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने किसानों को बड़ी सौगात देते हुए बिजली बिल राहत के रूप में 2 योजनाओं में 19 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। बजट में कृषि व किसानों के लिए कुल 1.15 लाख करोड़ रुपए रखे गए हैं।
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने 1 घंटे 30 मिनट के बजट भाषण में किसानों के लिए अनेक घोषणाएं कीं। उन्होंने कृषि वानिकी योजना का ऐलान किया। 1 लाख किसानों को सोलर पंप देने की भी घोषणा की।
बजट भाषण MP Budget 2026 में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हमारी सरकार जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन दे रही है। किसानों के लिए मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि तथा शून्य ब्याज पर कर्ज जैसी आर्थिक समर्थन की योजनाएं भी प्रचलित हैं।
कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए सिंचाई की आवश्यकता सर्वोपरि है। सिंचाई के लिए ऊर्जा की निर्माण आपूर्ति के सुधार करने के लिए प्रधानमंत्री कृषक सूर्यमित्र योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में रुपए 3000 करोड़ की लागत से 1 लाख सोलर सिंचाई पंप किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे। हमारी सरकार द्वारा भावांतर योजना के अंतर्गत सोयाबीन के लिए 6 लाख से ज्यादा किसानों को करोड़ों रुपए का भुगतान किया गया।
वर्ष 2026-27 के लिए राज्य के बजट MP Budget 2026 में किसानों को बिजली बिलों में खासी राशि माफ करने का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत अटल कृषि ज्योति योजना में किसानों के लिए 13914 करोड़ रुपए की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। इसी तरह अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के 5 एचपी पंपों के लिए निःशुल्क बिजली देने के लिए 5276 करोड़ रुपए की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने पेश किया कुल 438317 करोड़ रुपए का बजट
बजट में किसानों को कुल 157000 करोड़ रुपए के वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने का प्रावधान
सन 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया
1 लाख किसानों को सोलर पंप देने की घोषणा
बजट में इसके लिए 3 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान
कृषि वानिकी योजना का ऐलान
मुख्यमंत्री कृषि कल्याण योजना 5500 करोड़ रुपए
किसानों को बिजली बिल राहत- दो प्रमुख योजनाओं में- 19190 करोड़ रुपए
फसल बीमा- 1299 करोड़ रुपए