
Cold breaks record:प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। ठंडी हवाओं और साफ आसमान के चलते रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हालात ऐसे हैं कि प्रदेश के चार शहरों ने हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड रेकॉर्ड की गई है।
सबसे ठंडा शहर शिवपुरी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं इंदौर में दिसंबर में सर्दी ने इस बार 11 साल के रेकॉर्ड तोड़ दिए। शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री रहा। इससे पहले 27 दिसंबर 2014 को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री था। मौसम विभाग ने इंदौर के लिए येलो अलर्ट (imd yellow alert) भी जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में 3.1 किमी ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय है। ईरान के ऊपर भी एक और पश्चिमी विक्षोभ है। उत्तरी भारत के ऊपर 12.6 किमी ऊंचाई पर 185 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम बन गया है। इन सिस्टम्स के कारण 20 और 21 दिसंबर को भी तापमान में गिरावट बनी रहेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के वैज्ञानिक डॉ. अरुण शर्मा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवा पहुंच रही है। बादल नहीं होने के कारण रात के समय तापमान तेजी से गिर रहा है। हवाओं की रफ्तार भी अधिक है, जिससे ठंड का असर कई गुना बढ़ गया है। यदि बादल छाए रहते तो न्यूनतम तापमान में इतनी गिरावट नहीं होती, लेकिन साफ आसमान ने सर्दी को और तीव्र कर दिया है।
प्रदेश के आधे से अधिक हिस्सों को घने कोहरे ने प्रभावित कर रखा है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में हवाई सेवाओं पर इसका असर देखा गया। शुक्रवार को इंदौर मुंबई विमान डेढ़ घंटे लेट हुई। ग्वालियर-चंबल संभाग में कोहरे के चलते कई ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। वहीं दिल्ली से खजुराहो आने वाली फ्लाइट कोहरे के चलते बनारस में लैंड न कर सीधे ही खजुराहो लाया गया।
इस साल दिसंबर की शुरुआत से ही ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। अब तक के 19 दिनों में से 17 दिन ऐसे रहे, जब इंदौर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। केवल 4 दिसंबर (10.2 डिग्री) और 5 दिसंबर (11 डिग्री) को ही थोडी राहत रही।
शिवपुरी-4.0
इंदौर-4.1
गिरवर (शाजापुर)- 4.1
राजगढ़- 5.0
मंदसौर- 5.4
पचमढ़ी- 5.6