
Bhopal News : देश की राजधानी दिल्ली समेत मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत अलग - अलग शहरों में जारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा लिए गए फैसलों और एसआईआर में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों का प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी बीच जानकारी सामने आई है कि, ज्ञानेश कुमार का दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा अचानक रद्द हो गया है। इसे लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से ज्ञानेश कुमार पर तंज कसा गया है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया सलाहकार के.के मिश्रा ने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने अपने पोस्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के छत्तीगढ़ दौरे के निरस्त होने का पत्र भी शेयर किया है। साथ ही, पोस्ट करते हुए कई सवाल भी उठाए हैं।
एमपी कांग्रेस के नेता के.के मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल प्लेटफॉर्म एक्स पर किए पोस्ट में तंज कसते हुए कहा है कि, 'अरे सीईसी ज्ञानेश कुमार जी, आप तो बहुत बहादुर हैं, आज से आपको छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर होना था, प्रवास स्थगित क्यों हो गया है? वहां भी तो आपकी ही कृपा से भाजपा की सरकार क़ाबिज़ हुई है।'
मिश्रा ने आगे सवाल करते हुए कहा कि, आखिर किससे डर गए, आपको तो महत्वपूर्ण / विशेष सुरक्षा भी प्राप्त है, राजकीय अतिथि का दर्जा भी मिला हुआ है, छत्तीसगढ़ में गृहमंत्री अमित शाह के शब्दों में नक्सलवाद भी खत्म हो चुका है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री का आपको व आपका उन्हें परस्पर 'आशीर्वाद' प्राप्त है, फिर भी डर किस बात का है और किससे है!!' उन्होंने पोस्ट में एक बार फिर तंज कसते हुए कहा कि, 'बुज़ुर्ग कहते हैं कर्म अच्छे करने चाहिए, कर्मों का फल भुगतना ही पड़ता है, आज नहीं तो कल।'