
MP DGP Kailash Makwana: मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना के सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) आदेश के इंतजार के बीच उनकी विदाई की तैयारियों पर ब्रेक लग गया है। राजधानी के लाल परेड ग्राउंड में डीजीपी के लिए चल रही विदाई परेड की रिहर्सल रोक दी गई है। उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद परेड बंद कर जवानों को वापस जिलों में भेज दिया गया है। बताया जाता है कि शुरुआती दो-चार दिन परेड की रिहर्सल हुई थी और दिल्ली से तीन नामों का पैनल आने के बाद भी तैयारियां जारी थीं। हालांकि बीते रविवार शाम से मकवाना के एक्सटेंशन की चर्चाएं तेज हुईं और सोमवार से विदाई परेड रोक दी गई। इसे सेवा विस्तार के मजबूत संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
आदेश में देरी से ब्यूरोक्रेसी में सस्पेंस बना हुआ है। जानकारों के मुताबिक पूरा घटनाक्रम दिल्ली के स्तर पर तय हो रहा है। हालांकि मकवाना की सक्रिय बैठकों से उन्हें सकारात्मक संकेत मिलने की बात कही जा रही है।
एक्सटेंशन आदेश जारी होने में हो रही देरी के बीच अब तीन के बजाय छह माह के सेवा विस्तार की चर्चा भी जोर पकड़ रही है। यदि छह माह का एक्सटेंशन मिलता है, तो मौजूदा तीन नामों के पैनल में बड़ा फेरबदल हो सकता है और शीर्ष दो अधिकारी डीजीपी पद की दावेदारी से बाहर हो सकते हैं।
बता दें कि, मकवाना का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नए डीजीपी के लिए प्रदेश सरकार ने 11 नाम दिल्ली भेजे गए थे। इनमे से तीन शीर्ष नामों की अलग-अलग प्रोफाइल तैयार करवाई गई थी। इसमें आईपीएस वरुण कपूर (वर्तमान में डीजी जेल),आईपीएस प्रज्ञा ऋचा (वर्तमान में डीजी, एमपी होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन) और आईपीएस उपेंद्र जैन (डीजी, EOW) के नाम शामिल है।