भोपाल

पीएम नरेन्द्र मोदी की अपील दरकिनार, एमपी में बीजेपी नेता ने करीब 700 गाड़ियों से दिखाया ‘भौकाल’

MP News: पाठ्यपुस्तक निगम का अध्यक्ष बनने के बाद बीजेपी नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर करीब 700 गाड़ियों का काफिला लेकर उज्जैन से भोपाल पहुंचे।
2 min read
May 12, 2026
bhopal
bjp leader saubhagya singh thakur 700 car convoy ignores pm modi appeal

MP News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल (Petrol-Diesel) की बचत करने की अपील की है लेकिन मध्यप्रदेश में बीजेपी के ही एक नेता ने पीएम मोदी की अपील को दरकिनार कर दिया। बीजेपी नेता अपना भौकाल दिखाने के लिए शक्ति प्रदर्शन करते हुए करीब 700 गाड़ियों का काफिला लेकर उज्जैन से भोपाल (Ujjain to Bhopal) पहुंचे। अब बीजेपी नेता के सैकड़ों गाड़ियों के साथ निकले काफिले के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद संगठन ने नाराजगी जताते हुए शक्ति प्रदर्शन करने वाले नेता से जवाब मांगा है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस इसे लेकर भाजपा पर हमलावर है।

बीजेपी नेता ने दिखाया 'भौकाल'

उज्जैन के भाजपा नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम का अध्यक्ष बनाया गया है। सौभाग्य सिंह सोमवार को अपना पदभार ग्रहण करने के लिए उज्जैन से भोपाल पहुंचे। पदभार ग्रहण करने से पहले भाजपा नेता सौभाग्य सिंह ने जमकर अपना भौकाल दिखाया और शक्ति प्रदर्शन किया। वो करीब 700 गाड़ियों का काफिला लेकर उज्जैन से भोपाल पहुंचे और पदभार ग्रहण किया। सौभाग्य सिंह ठाकुर के सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के कारण उज्जैन से लेकर भोपाल में जगह-जगह जाम की स्थिति बनती रही।

देखें वीडियो-

पीएम मोदी की अपील दरकिनार, पार्टी नाराज

पीएम नरेन्द्र मोदी ने बीते दिनों ही देशवासियों से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल की फिजूलखर्ची करने से बचें, ऐसे में भाजपा नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर के द्वारा करीब 700 गाड़ियों का काफिला निकाले जाने से पार्टी की किरकिरी हो रही है। कांग्रेस भाजपा पर लगातार हमलावर है और पार्टी संगठन ने भी इस पर नाराजगी जताई है। पार्टी संगठन ने सौभाग्य सिंह ठाकुर से इसे लेकर जवाब मांगा है। सूत्रों की मानें तो पार्टी ने काफिला लेकर चलने, शक्ति प्रदर्शन दिखाने और राजनैतिक नियुक्तियां पाने वाले नेताओं को काफिला लेकर न चलने की नसीहत दी है।

केपी यादव ने भी किया था शक्ति प्रदर्शन

बता दें कि सौभाग्य सिंह ठाकुर से पहले भाजपा नेता और स्टेट सप्लाइज कॉरपोरेशन लिमिटेड का अध्यक्ष बनाए गए पूर्व सांसद केपी यादव भी सैकड़ों गाड़ियों का काफिला लेकर पदभार ग्रहण करने के लिए अशोकनगर से भोपाल पहुंचे थे। केपी यादव के सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के कारण भी भोपाल शहर में कई जगहों पर जाम के हालात बने थे।

पीएम नरेन्द्र मोदी ने की है अपील

बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद की एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि आज के समय में पेट्रोल, गैस और डीजल का इस्तेमाल कम करना होगा। पड़ोस में चल रहे युद्ध के असर से दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल के दाम कई गुना बढ़ गए हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत पर इस वैश्विक संकट का असर ज्यादा है, हमारे पास तेल के बड़े कुएं नहीं हैं। आज हमें वर्क फ्रॉम होम जैसे उपायों की जरूरत है। जिन शहरों में मेट्रो है, वहां लोग मेट्रो का इस्तेमाल करें।

Published on:
12 May 2026 04:06 pm