mp news: पकड़े गए तस्करों के पास से जब्त की तेंदुए की खाल और सिर, नागपुर DRI की बड़ी कार्रवाई..
mp news: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नागपुर से आई DRI (राजस्व खुफिया निदेशालय) की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। DRI की टीम ने भोपाल की एक होटल से तीन तस्करों को पकड़ा है जिनके पास से तेंदुए की खाल और सिर बरामद हुआ। आरोपी तेंदुए की खाल और सिर को बेचने के लिए भोपाल में लाए थे। तीनों तस्करों को पकड़ने के बाद उनसे तेंदुए के शिकार और कौन इस खाल को खरीदने वाला था उसके बारे में पूछताछ की जा रही है।
DRI नागपुर के अधिकारियों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध लोग भोपाल की एक होटल में रूके हैं जो कि तेंदुए की खाल की तस्करी करने वाले हैं और लाखों रूपये में तेंदुए के खाल को बेचने की डील होने वाली है। इस सूचना पर नागपुर से DRI के अधिकारी भोपाल पहुंचे और मुखबिर के बताए होटल में दबिश देकर तीनों तस्करों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से तेंदुए की खाल और सिर बरामद हुआ है। आरोपियों ने तेंदुए के सिर को ट्रॉफी में तब्दील कर रखा था।
वन्यजीव अधिनियम के अंतर्गत तेंदुए की खाल, अंगों या ट्रॉफी का व्यापार, बिक्री, खरीद या कब्जा पूरी तरह प्रतिबंधित है। उल्लंघन पर कड़ी सजा का प्रावधान है। जब्त की गई वस्तु और पकड़े गए तीन व्यक्तियों को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए वन प्रभाग भोपाल को सौंप दिया गया। राजस्व खुफिया निदेशालय की टीम अब पकड़े गए तीनों आरोपियो से ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने तेंदुए का शिकार कहां और कब किया था। इसके साथ ही वो तेंदुए की खाल और सिर को किसे बेचने वाले थे।