mp news: दीवार पर लिपिस्टिक से लिखा मेरी मौत के जिम्मेदार बेला दीदी (किराएदार), मम्मी (सास) और तनु दीदी हैं...।
mp news: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में लव मैरिज के दो महीने बाद ही एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जिस कमरे में नवविवाहिता फांसी पर लटकी मिली है उसी कमरे की एक दीवार पर लिपिस्टिक से तीन लोगों के नाम लिखे हैं और इन्हें ही नवविवाहिता ने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। घटना शहर के वल्लभ नगर इलाके की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वल्लभ नगर में रहने वाली 25 साल की नवविवाहिता प्रियंका बमन ने शनिवार सुबह 5 बजे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। प्रियंका ने दो महीने पहले 21 अप्रैल 2025 को कीविन नाम के युवक से लव मैरिज की थी। पति कीविन प्रिंटिंग प्रेस में काम कर करता है। प्रियंका के सुसाइड करने की खबर मिलते ही उसके परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्होंने बहन की हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटकाने की आशंका जताई है।
प्रियंका ने सुसाइड करने से पहले कमरे की एक दीवार पर लिपिस्टिक से सुसाइड नोट लिखा है उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसकी मौत के लिए बेला दीदी (किराएदार), मम्मी (सास) और तनु दीदी जिम्मेदार हैं। इन्हीं लोगों ने मेरा जीना मुहाल कर रखा है। प्रियंका के भाई के मुताबिक शादी के बाद से ही प्रियंका को उसकी सास और नानी सास प्रताड़ित करती थीं और ताने मारती थीं कि अगर उनका बेटा कीविन अरेंज मैरिज करता तो उन्हें दहेज ज्यादा मिलता। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।