
MP Congress Rajya Sabha Candidate Meenakshi Natarajan: मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा उबाल पर है। एक तरफ जहां भाजपा ने तीसरा प्रत्याशी महेश केवट के रूप में मैदान में उतारकर कांग्रेस की चिंताएं बढ़ा दी हैं तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर भी बीजेपी ने आपत्ति लगाई है। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन पत्र में तेलंगाना की एक कोर्ट में चल रहे मामले की जानकारी छिपाई है, इसलिए मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाए।
देखें वीडियो-
एक तरफ जहां बीजेपी ने कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को लेकर आपत्ति जताते हुए नामांकन निरस्त करने की मांग की है। तो वहीं मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी की आपत्ति को निराधार बताया है। बीजेपी का आरोप है कि नामांकन पत्र में मीनाक्षी नटराजन ने तेलंगाना की एक कोर्ट में चल रहे मामले की जानकारी छिपाई है, इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का कहना है कि नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, बल्कि उन्हें कोर्ट से केवल एक नोटिस मिला है।
बीजेपी के द्वारा मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर आपत्ति जताए जाने की सूचना मिलते ही कांग्रेस के कुछ विधायक भी रिटर्निंग ऑफिसर के दफ्तर में पहुंच गए। कांग्रेस विधायकों ने रिटर्निंग ऑफिसर के दफ्तर के बाहर ही हंगामा करते हुए विरोध जताया और इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए विधायक हेमंत कटारे और विक्रांत भूरिया ने दफ्तर में घुसने की कोशिश भी की, जिन्हें वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने रोका। जिसके कारण कुछ देर तक रिटर्निंग ऑफिसर के दफ्तर के बाहर हंगामा होता रहा।
बता दें कि मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए सियासी घमासान मचा हुआ है। संख्या गणित के हिसाब से तो तीसरी सीट कांग्रेस की नजर आ रही है लेकिन भाजपा ने तीसरी सीट पर महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है। तीसरी सीट पर अब कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन और भाजपा के महेश केवट के बीच मुकाबला होगा। भाजपा पार्टी के पास अभी तीसरे उम्मीदवार के लिए 48 वोट हैं और तीसरे उम्मीदवार महेश केवट को जिताने के लिए भाजपा को 10 विधायकों के वोटों की जरुरत है, ऐसे में संभावना है कि कांग्रेस विधायकों से क्रॉस वोटिंग कराई जा सकती है। क्रॉस वोटिंग के डर से कांग्रेस अपने सभी विधायकों को परिवार सहित कर्नाटक भेज रही है जहां वो 17 जून तक रिसॉर्ट में रहेंगे और फिर 18 जून को आकर सीधे राज्यसभा उम्मीदवार के लिए वोटिंग करेंगे।