
MP Road Projects: प्रदेश में सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने वार्षिक योजना 2026-27 में मप्र के लिए कई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसमें मप्र में 40 हजार करोड़ से 1579 किमी की विभिन्न परियोजनाओं पर काम होंगे। वार्षिक योजना के तहत चार प्रमुख कॉरिडोर पर करीब 33,155 करोड़ रुपए खर्च होंगे और इनकी कुल लंबाई 1066 किमी होगी। सबसे बड़ा हिस्सा अटल प्रगति पथ का है। 414.97 किमी लंबे इस कॉरिडोर में 11,301 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वहीं भोपाल-सागर-कुरवाई-उत्तरप्रदेश एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर 330 किमी का होगा, जिस पर 6600 करोड़ रुपए और 200 किमी के जबलपुर-रायपुर कॉरिडोर की लागत 8500 करोड़ रुपए बताई गई है।
वन टाइम इम्पूवमेंट यानी ओटीआइ के तहत 84 किमी सड़क सुधार कार्य होंगे। इनकी लागत 624 करोड़ रुपए है। खरगोन-बिस्तान, नागौद, पवई, अमानगंज, बुढ़ार, उमरिया, जीरापुर, खिलचीपुर, सिरोंज, मकसूदगढ़ और ब्यावरा समेत कई शहरी हिस्से इस सूची में हैं। शहडोल और डिंडोरी-मंडला क्षेत्र के सड़क हिस्से भी कार्य किए जाएंगे।
एनएच-552ई के मुरैना-सबलगढ़ खंड को 72 किमी में 4 लेन पीएस करने की योजना है। जिसकी लागत 2350 करोड़ रुपए है। बता दें, जौरा से मुरैना तक का काम पहले ही स्वीकृत है, जबकि शेष बचे हिस्से को अटल प्रगति पथ में लिया जाएगा। अटल पथ राजस्थान के कोटा से होकर उत्तरप्रदेश के इटावा तक रहेगा।
अंजड़-बड़वानी में 20 किमी का नया 2 लेन पीएस बाईपास 272 करोड़ रुपए में और ओरछा में 20 किमी का बायपास 291 करोड़ रुपए में बनाया जाएगा। दोनों परियोजनाएं नए निर्माण के रूप में सूचीबद्ध हैं।
प्रदेश में छह प्रमुख सड़क खंडों को 2 लेन पीएस में चौड़ा किया जाएगा। कुल लंबाई 318 किमी और लागत 3532 करोड़ रुपए है। इसमें नैनपुर-बालाघाट, बैतूल-पतवाड़ा, महाराष्ट्र सीमा-बुरहानपुर, धार-गुजरी, सिंगरौली-चित्रांगी-बड़गवां और मिहोना-सेवढ़ा खंड शामिल हैं।
मुरैना-सबलगढ़ः 72 किमी, 2350 करोड़
अंजड़-बड़वानी बाईपासः 20 किमी, 272 करोड़
ओरछा बायपासः 20 किमी, 291 करोड़
2 लेन पीएस चौड़ीकरण: 318 किमी, 3532 करोड
ओडीआइ सुधार कार्यः 84 किमी, 624 करोड़
सड़क खंड - लंबाई - लागत (करोड़ में)
नैनपुर-बालाघाट - 66 - 878
बैतूल-पतवाड़ा - 65 - 570
धार-गुजरी - 52 - 460
सिंगरौली-चित्रांगी और बड़गवां - 61.99
मिहोना-सेवढ़ा - 45 - 400