
MP Weather :मध्य प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिविटी और मानसून की एंट्री के बाद अब मौसम के दो अलग - अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 45 जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, चिंता की बात ये है कि, मानसून राज्य के 15 जिलों में दस्तक दे चुका है, बावजूद इसके फिलहाल ये एक ही जगह पर ठहर गया है, जिससे मौसम विज्ञानियों समेत प्रदेश के किसानों की बारिश को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में चक्रवाती हवाओं का घेरा सक्रिय होने के चलते ज्यादातर इलाकों का मौसम बदला हुआ है। इसी के चलते आज राज्य के 45 जिलों में गरज - चमक के साथ आंधी और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है।
एक तरफ जहां आधे से ज्यादा राज्य में बारिश का दौर रहेगा, वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग में अब भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में आज हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बावजूद इस इलाके में उमस और तपिश बरकरार रहने की बात कही गई है, जबकि दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहने की भी संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, भले ही मानसून अभी एक जगह पर स्थिर हो गया है, लेकिन बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे सिस्टम के चलते आगामी 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून दोबारा रफ्तार पकड़ेगा और प्रदेश के बाकी हिस्सों को कवर करते हुए आगे बढ़ेगा। किसानों और आम लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा।