
MP Weather Update :मध्य प्रदेश के लगभग सभी जिलों में आज रविवार 9 अगस्त 2026 को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, तीन जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट भी दिया गया है। बताया जा रहा है कि, संबंधित जिलों में 4 इंच तक बारिश हो सकती है। जबकि, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर-जबलपुर समेत लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बूंदाबांदी के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल और आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण से लो प्रेशर एरिया सक्रिय हैं, जिसके चलते कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दतिया, रीवा और सीधी में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन तीनों जिलों में अगले 24 घंटे में 4 इंच तक पानी गिरने के आसार हैं। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर-जबलपुर समेत कई जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है।
शनिवार को सूबे के नरसिंहपुर में 3 इंच, श्योपुर में 2.8 और रीवा में 2.2 इंच बारिश हुई। शिवपुरी में तेज बारिश से महुअर नदी उफान पर है। खोड़-पिछोर मार्ग बंद और कई गांवों में पानी घुस गया। वहीं, प्रदेशभर की बात करें तो अब तक 17.2 इंच बारिश हो चुकी है। जबकि, औसत बारिश 21.5 इंच होनी थी। यानी अबतक 4.3 इंच बारिश कम हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज दतिया, भिंड, रीवा, टीकमगढ़, पन्ना, निवाड़ी, सतना, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, छतरपुर और सिंगरौली जिले के कई क्षेत्रों में भी मध्यम से तेज बारिश के आसार हैं, जिसके चलते कुछ इलाकों में जलभराव के हालात बन सकते हैं। साथ ही, 30 से 40 कि.मी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा भी चल सकती है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
वहीं, प्रदेश के जिन क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, दमोह, बालाघाट, सागर, निवाड़ी, मैहर, शहडोल और पांढुर्णा समेत कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बन रही है। साथ ही, रतलाम, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, इंदौर, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, धार, नर्मदापुरम, रायसेन और विदिशा के भी कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है। ऐसे में इन सभी क्षेत्रों के तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।
राजधानी भोपाल में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। रविवार सुबह 6 से 8 बजे के बीच शहर में कहीं कहीं हल्की बारिश हुई। जबकि, दिन में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। तापमान में फिलहाल ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है। मौसम सुहावना रहेगा, जिससे उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।