6 महीने पहले सोशल साइट पर हुई फ्रेंडशिप प्यार में बदली...दोनों की अभी तक एक बार भी नहीं हुई थी मुलाकात...
भोपाल. कच्ची उम्र में इंटरनेट पर हुआ प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि मामूली सी बात पर गर्लफ्रेंड से हुए विवाद के बाद लड़के ने फांसी लगाकर कर खुदकुशी कर ली। हैरानी की बात ये है कि 6 महीने पहले शुरु हुई लव स्टोरी में एक भी पल ऐसा नहीं आया कि लड़का-लड़की एक दूसरे से आमने सामने मिले हों। लेकिन इसके बावजूद लड़के ने लड़की से हुए विवाद के बाद अपनी जान देने जैसा कदम उठा लिया।
रिंगटोन की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन
घटना भोपाल के कमला नगर इलाके की है जहां 18 साल के एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक का नाम केतूराज चौहान है जो कि खरगोन जिले की बड़वाह तहसील के जूना पानी गांव का रहने वाला था। वो बीते दिनों होली पर भोपाल के राजीव नगर में रहने वाले अपने भाई के घर आया था और वहीं पर शुक्रवार की रात उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन ने बताया कि शुक्रवार की रात केतूराज घर के पीछे बनी झोपड़ी में बैठकर अपनी गर्लफ्रेंड से बात कर रहा था। घटना का पता उस वक्त चला जब काफी देर तक फोन की रिंगटोन की आवाज सुनकर घरवाले झोपड़ी में पहुंचे तो शव फांसी पर लटका देखा।
'ई-इश्क' की अधूरी प्रेम कहानी
परिजन ने बताया कि केतूराज की सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर बीते 6-7 महीने से उज्जैन की रहने वाली एक लड़की से अच्छी दोस्ती थी। वो उससे बेहद प्यार करता था। वो लड़की को इंप्रेस करने के लिए पहले भी हाथ की नस काट चुका था। जिसके फोटो उसने इंस्टाग्राम पर अपलोड किए थे। घरवालों ने इस घटना के बाद उसे लड़की से शादी करने की बात कही थी। ये भी जानकारी मिली है कि केतूराज और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच अभी तक एक भी बार फेस-टू-फेस मुलाकात नहीं हुई थी। अंदेशा लगाया जा रहा है कि रात में हो रही बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद युवक ने फांसी लगाई है। केतूराज के शव के पास ही उसका मोबाइल पड़ा हुआ मिला है जिस पर उसकी प्रेमिका का फोन आ रहा था।