
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई बुजुर्ग दंपती हेमंत बारीक और शकुंतला बारीक की हत्या के मामले में सात दिनों तक खाक छानने के बाद पुलिस ने अब आम लोगों से भी मदद लेना शुरू कर दी है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने हत्यारों या हत्या की साजिश से जुड़ी पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। पुलिस का ये भी कहना है कि, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। बहरहाल एसआइटी की टीम प्रॉपर्टी विवाद से लेकर हर एंगल पर जांच कर रही है।
जांच टीम अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल और लोकेशन डेटा, डिजिटल ट्रांजेक्शन तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ लगातार कर रही है। जांच टीम को तकनीकी और फील्ड स्तर पर मिले हर इनपुट का विश्लेषण करने के निर्देश दिए गए हैं।
दोहरा हत्याकांड के सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कोई ऐसा ठोस सुराग नहीं लगा है, जिससे आरोपियों तक पहुंचा जा सके। इसी मामले को लेकर शनिवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसीपी अखिल पटेल, क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और 12 सदस्यीय विशेष जांच दल के अधिकारियों ने अब तक की जांच की विस्तार से समीक्षा की।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा, जांच पूरे 360 डिग्री से की जा रही है। फिलहाल कोई बड़ी लीड नहीं मिली है, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर लगातार आगे बढ़ा जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी के पास इस वारदात से जुड़ी कोई विश्वसनीय जानकारी हो तो वह तुरंत पुलिस को बताए।
बता दें, सुदामा नगर की आंबेडकर कॉलोनी में बने एक घर में 28 जून को बुजुर्ग दंपती के शव मिले थे। दोनों शव डी-क्पोज हो चुके थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि शकुंतला बारीक को दो गोलियां और हेमंत बारीक को एक गोली मारी गई थी।