भोपाल

“बड़े नेताओं से न मुलाकात की और न समय मांगा”, नरोत्तम मिश्रा के दिल्ली दौरे से बढ़ी हलचलें

Narottam Mishra Delhi Visit- नरोत्तम मिश्रा ने भी दिल्ली में डाला डेरा, निजी यात्रा बताते हुए कहा कि किसी बड़े नेता से मुलाकात नहीं की, सूत्रों के मुताबिक कुछ वरिष्ठ नेताओं से मिले मिश्रा
2 min read
Aug 07, 2026
political activity intensifies following narottam mishra delhi visit
Narottam Mishra (फोटो- नरोत्तम मिश्रा फेसबुक)

Narottam Mishra : दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम घोषित होने के 3 दिन बाद प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री, बीजेपी के दिग्गज नेता अचानक दिल्ली पहुंच गए। उनकी इस यात्रा से सियासी हलचलें बढ़ गईं। एमपी के सीएम मोहन यादव भी दिल्ली में ही थे। इधर नरोत्तम मिश्रा ने अपने दिल्ली दौरे को निजी बताया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि न तो मैंने बड़े नेताओं से मुलाकात की है और न ही उनसे समय मांगा। हालांकि सूत्र बताते हैं कि नरोत्तम मिश्रा बीजेपी के कुछ वरिष्ठ नेताओं से मिले हैं। अपने सियासी भविष्य पर चर्चा की।

विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद एमपी बीजेपी में लगातार हलचल मची है। इसी गहमागहमी के बीच पूर्व गृहमंत्री एवं दतिया में भाजपा की हार का अघोषित कारण माने जा रहे नरोत्तम मिश्रा भी गुरुवार को दिल्ली पहुंच गए। वे वहां किन नेताओं से मिले, इसका खुलासा नहीं हो पाया।

बीजेपी नेता प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा 6 अगस्त को दिल्ली पहुंचे। मीडिया को उन्होंने बताया कि वह अपने मित्र आसाराम अहिरवार से मुलाकात करने आए। दतिया जिले में विधायक रह चुके अहिरवार अभी बीमार चल रहे हैं। नरोत्तम मिश्रा के मुताबिक मैंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उनका हाल चाल जाना।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नरोत्तम मिश्रा ने संगठन में बदलाव की बात पर कहा कि मेरी जानकारी में ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की संभावनाओं को भी सिरे से नकार दिया।

पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिल्ली पहुंचने को पूरी तरह निजी यात्रा बताया। उन्होंने यहां तक कहा कि उन्होंने किसी से मुलाकात नहीं की। मीडिया ने जब नरोत्तम मिश्रा से सवाल किया कि आपकी किसी बड़े नेता से मुलाकात होने वाली है तो उन्होंने कहा, " किसी बड़े नेता से मुलाकात नहीं हुई, जब मिलने का समय ही नहीं मांगा तो मिलेगा कहां से।" हालांकि सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में उन्होंने कुछ वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है।

दतिया उपचुनाव के नतीजों के बाद से ही नरोत्तम मिश्रा सुर्खियों में बने हुए हैं। यहां बीजेपी के आशुतोष तिवारी चुनाव हार गए। दतिया सीट से नरोत्तम मिश्रा 3 बार विधायक रह चुके हैं। पार्टी ने उनकी दावेदारी की अनदेखी करते हुए नए प्रत्याशी को​ टिकट दी थी। नरोत्तम मिश्रा और उनके समर्थकों पर भितरघात के आरोप लगाया जा रहे हैं। यहीं कारण है कि उनके दिल्ली दौरे पर हलचल तेज हो गई है।

Updated on:
07 Aug 2026 08:23 am
Published on:
07 Aug 2026 08:23 am