भोपाल

भोपाल में आज गरजेंगे राहुल गांधी-खरगे, शहरभर में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

MP News: भोपाल के जवाहर चौक पर आज कांग्रेस की किसान महाचौपाल में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे किसानों के मुद्दों पर हुंकार भरेंगे। राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी, कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा।
less than 1 minute read
Feb 24, 2026
rahul gandhi bhopal visit in Kisan Mahachaupal with Mallikarjun Kharge traffic diversion mp news
rahul gandhi bhopal visit in Kisan Mahachaupal (फोटो- Patrika.com)

Rahul Gandhi Bhopal Visit: भोपाल के जवाहर चौक पर मंगलवार सुबह 10 बजे किसान महाचौपाल का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते राजधानी में व्यापक ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया गया है।

कांग्रेस नेताओं द्वारा इस महा चौपाल में किसानों से जुड़े मुद्दों जैसे भारत-अमेरिका ट्रेड डील (India-US Trade Deal), न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, फसल बीमा योजना में सुधार, खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली दरों में राहत और कर्ज माफी पर चर्चा किए जाने की जानकारी पार्टी सूत्रों ने दी है। हाल के समय में फसल नुकसान और लागत बढ़ने को लेकर किसानों में असंतोष देखा गया है, जिसे लेकर यह संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। (MP News)

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्सन

कार्यक्रम के दौरान जवाहर चौक और आसपास के मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। डिपो चौराहा से पीएनटी या पॉलिटेक्निक चौराहा होकर आवागमन किया जा सकेगा। प्लेटिनम चौराहा से आने वाले वाहन माता मंदिर या टीटी नगर मार्ग का उपयोग करेंगे। रंगमहल से आने वाले वाहन बाणगंगा या माता मंदिर मार्ग से गुजरेंगे।

एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को कंट्रोल रूम तिराहा, पीएचक्यू, लिली टॉकीज, तलेया, भारत टॉकीज, हमीदिया रोड और लालघाटी होकर जाने की सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की देरी से बचा जा सके।

दिक्कत होने पर करें संपर्क

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें और अनावश्यक रूप से कार्यक्रम स्थल के आसपास न जाएं। किसी भी असुविधा की स्थिति में यातायात कंट्रोल रूम के नंबर 0755-2677340 और 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है। (MP News)

Updated on:
24 Feb 2026 03:14 am
Published on:
24 Feb 2026 03:14 am