भोपाल

Bharat Jodo Nyay Yatra : राहुल गांधी की न्याय यात्रा की कल एमपी में एंट्री, इन रास्तों से होगा गुजर

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की एंट्री सिंधिया के गढ़ कहे जाने वाले मुरैना से हो रही है।

2 min read
Bharat Jodo Nyay Yatra : राहुल गांधी की न्याय यात्रा की कल एमपी में एंट्री, इन रास्तों से होगा गुजर

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' 2 मार्च यानी कल मध्य प्रदेश में पहुंच रही है। मध्य प्रदेश में ये यात्रा 700 किलोमीटर का सफर तय करेगी। खास बात ये है कि, न्याय यात्रा की एंट्री सिंधिया के गढ़ कहे जाने वाले मुरैना से हो रही है। ये यात्रा प्रदेश के 9 जिलों से होकर गुजरेगी। इस दौरान यात्रा 7 लोकसभा और 54 विधानसभा सीटें कवर करेगी। हालांकि इस बार यात्रा का रूट पिछली बार से अलग है।

वहीं, दूसरी तरफ भाजपा यात्रा की प्रदेश में एंट्री से पहले ही राहुल गांधी पर हमलावर हो गई है। भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी कांग्रेस के अयोग्य युवराज हैं। राहुल रूट बदल लें, लेकिन रूट्स नहीं बदल सकेंगे। एमपी में कांग्रेस के लिए कुछ भी नहीं बदलने वाला। इनका मकसद भारत जोड़ो नहीं भारत तोड़ो है। मध्य प्रदेश से कांग्रेस पूरी तरह साफ होने वाली है।

वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लोकसभा चुनाव और सियासत से अलग बता रहे हैं। कांग्रेस नेताओं की मानें तो भाजपा ने जनता को धोखा दिया है। खुलेआम जनता के साथ अन्याय हो रहा है। इसके खिलाफ कांग्रेस आवाज उठा रही है। लोगों को रोजगार चाहिए, जिसका आपने वादा किया था। राहुल गांधी देश की जनता को न्याय दिलाने के पथ पर चल रहे हैं। कांग्रेस की यात्रा चुनावी नहीं, बल्कि जनता को जागरूक करने की यात्रा है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2 मार्च को मुरैना से मध्य प्रदेश में एंटर होगी। यात्रा प्रदेश के 9 जिलों से होकर गुजरेगी। इनमें मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, ब्यावरा, शाजापुर उज्जैन और रतलाम में यात्रा का स्वागत किया जाएगा। राहुल गांधी यात्रा के जरिए प्रदेश में 700 कि.मी का सफर तय करेंगे। इसमें 7 लोकसभा और 54 विधानसभा कवर किए जाएंगे। 7 लोकसभा सीटों में मुरैना, ग्वालियर, रतलाम, देवास, गुना, राजगढ़ और उज्जैन शामिल हैं।

राहुल गांधी न्याय यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश में खाट पंचायत भी करेंगे। खाट पंचायत 4 मार्च को राजगढ़ जिले के भाटखेड़ी गांव में होगी। इस दौरान राहुल गांधी 100 किसानों से संवाद भी करेंगे। कांग्रेस खाट पंचायत के जरिए फिर किसानों के मुद्दों पर जोर दे रही है।

Published on:
01 Mar 2024 06:13 pm
Also Read
View All