
Rail Network In MP : रेलवे आने वाले समय में एक हजार से ज्यादा नई नियमित ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए देश के 7 बड़े रेल मार्गों को चार लाइन वाला (मल्टी ट्रैक) बनाया जा रहा है। ये बड़े कॉरिडोर रेल नेटवर्क का 16 प्रतिशत हिस्सा हैं। ये कॉरिडोर देश के बड़े शहरों को जोड़ते हैं और यातायात क्षमता का 41 प्रतिशत बोझ उठाते हैं। नेटवर्क बढ़ाने की रेलवे की इस योजना से मध्यप्रदेश को खासा लाभ होगा। योजना में शामिल 2 बड़े कॉरिडोर ही प्रदेश में रेल नेटवर्क की तस्वीर बदल देंगे। प्रदेश के कई शहर भी 4 लाइन वाले प्रोजेक्ट में जुड़ जाएंगे। इससे प्रदेश के यात्रियों को जहां अनेक नई ट्रेनें मिलेंगी वहीं उनकी वेटिंग लिस्ट भी छोटी होगी।
देश के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का कहना है कि चार लाइनें होने से ट्रेनों के लिए ज्यादा रास्ता मिलेगा। इससे नई ट्रेनें चलाने के साथ ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए जा सकेंगे। उनका दावा है कि यह काम पूरा होने के बाद एक हजार से ज्यादा नई नियमित ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। यह काम चार साल में यानी 2029- 30 तक पूरा कर लिया जाएगा। योजना का जिन राज्यों को फायदा मिलेगा उनमें मध्यप्रदेश भी शामिल है।
रेलवे की योजना में दिल्ली-हावड़ा, हावड़ा-चेन्नई, चेन्नई-मुंबई, मुंबई-दिल्ली, दिल्ली-चेन्नई, मुंबई-हावड़ा और दिल्ली-गुवाहाटी कॉरिडोर शामिल हैं। करीब 11 हजार किलोमीटर लंबे इन रेल मार्गों पर अभी अलग-अलग हिस्सों में दो, तीन व चार लाइनें हैं। रेलवे का लक्ष्य पूरे नेटवर्क को चार लाइन वाला बनाने का है।
रेलवे के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह है कि इन मार्गों पर यात्री ट्रेनों के साथ मालगाडिय़ों की आवाजाही भी बहुत ज्यादा है। कोयला, लोहा, सीमेंट और दूसरे सामान की ढुलाई के लिए बड़ी संख्या में मालगाडिय़ां चलती हैं। ऐसे में एक ही रास्ते पर यात्री और मालगाडिय़ों का दबाव बढ़ जाता है। कई बार मालगाडिय़ों को रास्ता देने के लिए यात्री ट्रेनों को रोकना पड़ता है। इससे ट्रेनों की स्पीड और समय पर चलने पर असर पड़ता है।
देश के जिन 7 बड़े कॉरिडोर को चार लाइन वाला (मल्टी ट्रैक) बनाया जा रहा है उनमें से अनेक रेल मार्ग मध्यप्रदेश से होकर जाते हैं। दिल्ली-चेन्नई रेल मार्ग के विस्तार से राजधानी भोपाल और इटारसी समेत मध्यप्रदेश के कई शहरों को लाभ होगा। यहां पर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ाने की गुंजाइश होगी। इधर दिल्ली- मुंबई मार्ग 4 लाइन होने से रतलाम, नागदा को लाभ होगा। अतिरिक्त रेल क्षमता से यात्रियों को सहूलियत होगी। चौथी लाइन की परियोजना से कटनी से मालगाडिय़ों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद जताई जा रही है।