भोपाल

दो करोड़ की संपत्ति, तीन गोलियां और दो जिंदगियां खत्म, भोपाल में रिटायर्ड दंपती हत्याकांड की जांच तेज

Retired Couple Murder Case: ऐशबाग के सुदामा नगर में जिस घर में बुजुर्ग दंपती के शव मिले हैं उस घर की कीमत दो करोड़ रुपये बताई जा रही है, दंपती की हत्या गोली मारकर की गई है, दोनों को तीन गोलियां मारी गई हैं।
2 min read
Jun 27, 2026
retired couple murder
retired couple murder case, भोपाल में रिटायर्ड दंपती की गोली मारकर हत्या (source-patrika)

Bhopal Retired Couple Murder: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके के सुदामा नगर में बुजुर्ग दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 64 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी 62 वर्षीय पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है। हेमंत का शव फर्श पर और शकुंतला का शव सोफे पर मिला है। हेमंत रेलवे से रिटायर कर्मचारी थे जबकि शकुंतला कस्तूरबा अस्पताल में नर्स के पद से रिटायर हुई थीं। बताया जा रहा है कि जिस घर में दोनों के शव मिले हैं उसकी कीमत 2 करोड़ रुपये है और मकान में दंपती के साथ किराएदार रहते हैं।

रिटायर्ड दंपती की गोली मारकर हत्या

रिटायर्ड दंपती की गोली मारकर हत्या की गई है, दोनों के सिर में गोली मारी गई है, शकुंतला को सिर के अलावा कमर में भी गोली मारी गई है। हैरानी की बात ये है कि घर में तीन गोलियां चलीं और न तो किराएदारों ने और न ही आस पड़ोस के लोगों ने गोली की आवाज सुनी। घर में लूट या चोरी जैसी कोई बात भी सामने नहीं आई है, परिजनों ने किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है। इसके बावजूद पुलिस संपत्ति विवाद और अन्य निजी कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

2 दिन पहले हत्या की आशंका

घटना का पता उस वक्त चला जब शुक्रवार किराएदार किराया देने के लिए दंपती के घर पहुंचे। घर से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिसके कारण पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो घर के अंदर दंपती के डीकंपोज्ड अवस्था में शव मिले। आसपास के लोगों ने बताया कि घर में केवल पति-पत्नी ही रहते थे। मकान के बाकी हिस्से में छात्र किराए से रहते है। पहले यह इनपुट आ रहा था कि दंपती का बेटा विदेश में परिवार के साथ रहता है, लेकिन शाम को यह अपडेट आया कि उनकी कोई संतान नहीं थी। वे पिछले दो दिनों से घर से बाहर भी नहीं निकले थे।

भाभी से की थी बात

बताया जा रहा है कि बुधवार को अंतिम बार शकुंतला ने अपनी भाभी शिवानी से फोन पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि उनके पति की आंख में परेशानी है और वे उन्हें जांच के लिए कस्तूरबा अस्पताल ले जा रही हैं। भाभी शिवानी के अनुसार बातचीत में शकुंतला ने किसी खतरे या परेशानी की बात नहीं की थी। हालांकि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इस परिवार की किसी से रंजिश का भी इनपुट नहीं मिला है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पड़ोसियों और मकान में रहने वाले किराएदार छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है।

Updated on:
27 Jun 2026 08:01 pm
Published on:
27 Jun 2026 07:58 pm