
Bhopal news: मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में नामचीन 3-स्टार, 5-स्टार होटलों के चकाचौंध से भरे डाइनिंग हॉल आपको जो महंगी थाली परोसी जाती है वह कितनी सेहतमंद है खाद्य टीम की जांच रिपोर्ट इसे जाहिर कर रही है। जिस होटल में एक तंदूरी रोटी के लिए 30 रुपए और सब्जी के लिए 600 रुपए तक लिए जाते हैं वहां ये खाना कॉकरोच, फंगल, चूहों की उछलकूद के बीच बनता है, जो कर्मचारी इसे बना रहे हैं उनके स्वास्थ्य का कोई सर्टिफिकेट नहीं। इतनी बड़ी होटल में खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण प्रमाणन वाले कर्मचारी ही नहीं मिलते। ऐसे में इन परिस्थितियों में बनी महंगी थाली लोगों के लिए कितनी सेहतमंद है आप खुद तय कर लीजिए।
-रसोई के शेल्फ, कटिंग एरिया और कुकिंग जोन में चूहे और कॉकरोच की स्थिति के संकेत मिले।
-मशरूम में फंगस, सड़ी प्याज, खराब आलू मिले।
-मिलावटी पनीर परोसे जाने के संदेह की स्थितियां बनी तो सैंपल लैब भेजे गए।
-किचन में खाना बनाने और परोसने वाले कर्मचारियों के अनिवार्य मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं, यहां तक कि फूड हैंडलिंग व हाइजीन प्रोटोकॉल की बुनिया नहीं दी गई। बुनियादी ट्रेनिंग तक
-रंजीत रिसोर्ट नर्मदापुरम रोड पर खाना बनाने वाले कर्मचारियों की फिटनेस की जांच नहीं है। खाद्य नियमों के तहत कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण प्रमाणन फोस्टेक ट्रेनिंग व सर्टिफिकेट होना चाहिए, लेकिन किसी बड़ी होटल में ये नहीं है।
-भविष्या होटल एंड क्लब, इंडियन कैफे हाउस एमपी नगर, होटल सयाजी, टोर्टोकाइज जैसी बड़ी होटल-रेस्टोरेंट में वेज-नॉनवेज एक साथ रखे हुए।
-होटल पलाश, रंजीत लेक व्यू समेत 80 फीसदी बड़ी होटल्स में फ्राइंग पेन- कढ़ाई सब्जी बनाते हुए काली पड़ गई। जिसके 12 नोटिस जारी किए गए।
-गुरुकृपा फूड एंड कैटर्स बावड़िया के किचन में कॉकरोच की उपस्थिति मिली जो अखाद्य स्थितियां बता रही है।
फंगसयुक्त सब्जियों व पनीर में मायकोटॉक्सिन और अफ्लाटॉक्सिन जैसे खतरनाक जहर पनपते हैं। इसके सेवन से उल्टी, दस्त, पेट में ऐंठन, लीवर को नुकसान। चूहों से दूषित स्थितियों में बना भोजन गंभीर संक्रमण की स्थिति बनाता है। साथ ही कॉकरोच, कीड़े-मकोड़े भोजन पर बैठकर टाइफाइड, पेट के क्रॉनिक इन्फेक्शन का सबब बनते हैं।
बड़ी-छोटी सभी होटल्स व किचन की जांच कर कार्रवाई कर रहे हैं। खाद्य गुणवत्ता को दुरुस्त करेंगे। इसे खराब करने वालों पर अब बड़ी कार्रवाई होगी। पंकज श्रीवास्तव, जिला नियंत्रक, खाद्य एवं औषधी