जानिए, किस परेशानी की वजह से साध्वी अस्पताल में हुईं हैं भर्ती
भोपाल. बीजेपी के नवनिर्वाचित सांसद साध्वी प्रज्ञा की तबियत खराब हो गई है। साध्वी प्रज्ञा को भोपाल स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उनकी तबियत में सुधार है। सांसद प्रज्ञा की तबियत अचानक रात को बिगड़ी थी। उसके बाद उनके करीबी उन्हें अस्पताल लेकर गए।
दरअसल, साध्वी प्रज्ञा को बुधवार रात को पेट की आंतों में इंफेक्शन, कमर के दर्द औऱ हाई ब्लड प्रेशर के कारण उनकी तबियत ज्यादा खराब हो गई थी। अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि आतों में सूजन की वजह से ही उनकी समस्या बढ़ गई थी। इसलिए उऩ्हें भर्ती किया गया है। एक से दो दिन तक उन्हें अस्पताल में ही डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा।
दिग्विजय को हराकर बनीं हैं सांसद
साध्वी प्रज्ञा इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह को हराकर सांसद बनी हैं। साध्वी ने दिग्विजय सिंह को करीब तीन से लाख से ज्यादा मतों से चुनाव हराया था। उसके बाद वह दिल्ली में आयोजित एनडीए की बैठक में भी भाग लेने गईं थीं।
कोर्ट से लगा है झटका
भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा मालेगांव धमाके की आरोपी हैं। तीन जून को एनआईए कोर्ट ने उन्हें बड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने साध्वी प्रज्ञा को एक सप्ताह के अंदर कोर्ट में सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने का निर्देश दिया था। साध्वी ने बीमारी का हवाला देकर राहत की मांग की थी लेकिन कोर्ट ने इससे साफ इनकार कर दिया था।
विवादित बयानों की वजह से रही हैं चर्चा में
साध्वी प्रज्ञा विवादित बयानों की वजह से भी चर्चा में रही हैं। वह नाथूराम गोडसे से लेकर शहीद आईपीएस हेमंत करकरे तक पर विवादित बयान दे चुकी हैं। जिसके बाद उन्हें माफी मांगनी पड़ी हैं। चुनाव परिणाम आने से पहले भी साध्वी की तबियत खराब हुई थी। उन्हें बेल भी स्वास्थ्य के आधार पर ही मिला हुआ है।