भोपाल

एमपी में बाढ़, बड़ा पुल बहा, कई कार डूबीं, दो जिलों में स्कूलों की छुट्टी

school holidays in two districts of mp मंगलवार को भोपाल के साथ ही आगर मालवा जिले में भी स्कूलों का अवकाश, रायसेन में पुल बहा, प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर
2 min read
Aug 11, 2026
एमपी में कई जगहों पर बाढ, लोगों को बचाया
एमपी में कई जगहों पर बाढ, लोगों को बचाया- image patrika

mp flood - एमपी में दो दिनों की जोरदार बारिश जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं, कई जगहों पर बाढ़ आ गई है, राजधानी भोपाल में ही कई इलाकों में 5 फीट तक पानी भर गया, अनेक कार पानी में डूब गईं। विदिशा में बाढ़ में फंसे एक दर्जन से ज्यादा लोगों को प्रशासन ने बचाया। रायसेन में एक पुल बह गया। पानी से लबालब हो जाने से उमरिया के जोहिला डैम के गेट खोल गए। राजगढ़ में उफनते नाले में कार डूबने से 4 बच्चों समेत 9 की मौत हो गई। हालात को देखते हुए मंगलवार को भोपाल के साथ ही आगर मालवा जिले में भी स्कूलों का अवकाश घोषित कर दिया गया है।

राजधानी भोपाल में रेलवे ट्रैक तक में पानी भर गया। सेमरा में करीब 5 फीट तक पानी था। भोपाल-बैरसिया के बीच ईंटखेड़ी पुल के ऊपर पानी आने से यातायात ठप हो गया।

रायसेन में पुल बहा

रायसेन में घोड़ा पछाड़ नदी उफनाई। पुल के ऊपर करीब 8 फीट पानी था जिससे कई गांवों का संपर्क कट गया। अंबाड़ी-डोला घाट मार्ग पर बना पुल बह गया। विदिशा में बामनखेड़ा में 17 लोग बाढ़ में फंस गए, जिन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया।

भोपाल में इस सीजन की पहली भारी बारिश हुई। भानपुर समेत कई इलाकों में पानी घुस गया। मीनाल क्षेत्र में घरों के सामने चार फीट तक पानी भर गया। वाहन डूब गए। सीहोर और शाजापुर जिले भी बाढ़ की चपेट में हैं।

प्रदेश में कई जगह हादसे भी हुए। राजगढ़ जिले के सारंगपुर के पास देव स्थान पर जा रहे देवास जिले के परिवार की कार पुल से उतरकर बह गई। हादसे में नौ लोगों की जान चली गई।

सारंगपुर के पड़ाना बायपास पर सोमवार सुबह 11 बजे पानी सड़क तक पहुंच गया। इसका अंदाजा धांसड़ गांव (देवास) से आया चालक नहीं लगा पाया। कार रोड से उतार दी। हादसे में ईको कार पुल में डूब गई। 11 में से दो को ही बचाया जा सका। चार बच्चों सहित नौ की मौत हो गई।

कलेक्टर के निर्देश पर 11 अगस्त यानि मंगलवार के लिए जिले के स्कूलों में 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। आगर मालवा में भी आज स्कूलों का अवकाश है।

सीएम ने नजर रखने, आपदा से निपटने के दिए निर्देश

सीएम मोहन यादव ने मंत्रालय में मंत्रियों के साथ राहत-बचाव कार्यों व तैयारियों की समीक्षा की। जिन जिलों में औसत से कम बारिश हुई है, वहां भविष्य की दृष्टि से बरती जाने वाली तैयारियों को लेकर चर्चा की। सीएम ने मंत्रियों से प्रभार के जिलों में और अफसरों से प्रदेशभर में स्थितियों पर नजर रखनें, लोगों से संपर्क में रहने, अप्रिय स्थिति से निपटने के निर्देश दिए।

Updated on:
11 Aug 2026 06:34 am
Published on:
11 Aug 2026 06:34 am