
Bhopal news: कभी अंग्रेजी अखबारों में पत्रकारिता, तो कभी शहर के नामी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में प्रशासनिक जिम्मेदारी। फरर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाली महिला की जिंदगी का दूसरा पहलू एमडी ड्रग्स के कथित कारोबार से जुड़ा निकला। पुलिस जांच में सामने आया है कि ड्रग्स की तस्करी करने वाली साजिया आलम (33) ने पत्रकारिता में एमए किया है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने भोपाल के एक बड़े अंग्रेजी अखबार में ट्रेनी के रूप में काम शुरू किया। इसके बाद वह एक अन्य अंग्रेजी अखबार से भी जुड़ी रही। पत्रकारिता छोड़ने के बाद उसने शिक्षा क्षेत्र में काम शुरू किया। वह सागर पब्लिक स्कूल में एडमिन-एचआर की जिम्मेदारी संभाल चुकी है। इसके अलावा सेज स्कूल, सेम ग्लोबल यूनिवर्सिटी, फर्स्ट क्राई स्कूल, ज्ञान गंगा स्कूल मैनेजमेंट और आइएएस यूनिवर्सिटी रातीबड़ में भी अलग-अलग प्रशासनिक और एचआर पदों पर काम कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, फरर्राटेदार अंग्रेजी बोलने के कारण साजिया की हाईप्रोफाइल पार्टियों में भी आवाजाही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह दिल्ली से ड्रग्स लाकर भोपाल में इसकी सप्लाई करती थी। पुलिस को आशंका है कि वह अपने संपर्कों के जरिए ग्राहकों तक पहुंचती थी। हालांकि, पुलिस के अनुसार एमडी के साथ उसकी यह पहली गिरफ्तारी है।
जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि साजिया पहले शराब और गांजे का सेवन करती थी। बाद में वह खुद एमडी ड्रग्स लेने लगी। उसका पति जेल में बंद है। क्राइम ब्रांच अब मोबाइल की जांच कर रही है। पुलिस उसके संपर्कों, लेनदेन और कॉल डिटेल के जरिए दिल्ली में कथित सप्लायरों तथा भोपाल में एमडी खरीदने वालों का पता लगा रही है।
क्राइम ब्रांच ने वीआइपी गेस्ट हाउस के पीछे एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास ग्राहक को एमडी की खेप देने पहुंची कानपुर की महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से महिला तस्कर 4.66 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 1.35 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस मुताबिक, महिला पिछले पांच-छह के साल से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थी और दिल्ली से एमडी लाती थी।
क्राइम ब्रांच ने सूचना पर वीआइपी गेस्ट हाउस के पीछे निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास घेराबंदी की और महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान साजिया आलम (33) के रूप में हुई। वह मूल रूप से कानपुर के बेगमगंज चमनगंज, आर्य नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वर्तमान में लालघाटी की इंद्र विहार कॉलोनी में रह रही थी। तलाशी के दौरान महिला ने गले में पड़े दुपट्टे की गांठ खोली तो उसमें पारदर्शी पन्नी मिली। पन्नी में पीले रंग का पाउडर रखा था, जो जांच में एमडी ड्रग्स निकला। इसका वजन 4.66 ग्राम था। पुलिस ने ड्रग्स के साथ उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।