भोपाल

गोकशी पर सख्त एक्शन, 32 करोड़ के स्लॉटर हाउस पर ताला, ठेका मालिक ब्लैक लिस्टेड

Slaughter House Closed: भोपाल के स्लॉटर हाउस कांड पर हुआ बड़ा एक्शन, हमेशा के लिए बंद हुआ, 11 कर्मचारी सस्पेंड....
2 min read
Jan 14, 2026
Slaughter house closed in bhopal
Slaughter house closed in bhopal: नगर परिषद में मचा हंगामा।

Slaughter House Closed: गोवध मामले में नगर निगम के 32 करोड़ से बने स्लॉटर हाउस को हमेशा के लिए बंद कर दिया गया। निगम शहर में पशु स्लॉटरिंग का इंतजाम नहीं करेगा। शहर के बाहर व्यवस्था करने की जिम्मेदारी प्रशासन के पाले में डाल दी। स्लॉटर हाउस में जानवरों की कटाई करने वाली लाइव स्टॉक प्रालि कंपनी व मालिक असलम कुरैशी को आजीवन ब्लैकलिस्ट किया गया है। निगम ने 11 कर्मियों को सस्पेंड किया है।

वेटरनरी डॉ. सस्पेंड, अफसर रहे चुप

17 दिसंबर 2025 को गोमांस को भैंस का मांस बता सर्टिफिकेट देने वाले वेटरनरी डॉ. बीपी गौर को भी सस्पेंड किया है। इधर, मंगलवार को नगर परिषद की बैठक में खूब हंगामा हुआ। भाजपा पार्षदों ने महापौर मालती राय पर गंभीर आरोप लगाए। जांच की मांग की। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी बोले-संगठनों ने मामला उजागर किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की, पर हमारे अफसर चुप रहे।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा महापौर झूठ बोल रही हैं

महापौर ने कहा, नगर परिषद ने यह टेंडर जारी नहीं किया। नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने नगर का संकल्प दिखाकर कहा, महापौर झूठ बोल रही हैं। उनकी अगुवाई में नगर परिषद में संकल्प पारित हुआ। इसे नगर परिषद में नहीं लाए। कांग्रेस पार्षद दल ने वॉकआउट कर दिया।

'मांस की मंडी नहीं बनने देंगे'

निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने कहा, निगम के संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि शहर में जानवर कटवाने की जवाबदेही उसकी होगी। भोपाल को मांस की मंडी नहीं बनने देंगे। शहर में मांस व्यापार कैसे होगा, फैसला शासन-प्रशासन करेगा। मामले की जांच के लिए निगम आयुक्त को कमेटी बनाने को कहा है।

भाजपा पार्षद ने दिया इस्तीफा

भाजपा पार्षद देवेंद्र भार्गव, सुरेंद्र वाडीका, पप्पू विलासराव घाटगे ने एमआइसी पर मनमानी के आरोप लगाए। कहा, संगठन गोरक्षा मुद्दे पर राजनीति करता है, पर हमारी ही सरकार गो-रक्षा नहीं कर सकी। पार्षद देवेंद्र ने पद से इस्तीफा दिया और चले गए। अध्यक्ष ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया।

यह है मामला

जिंसी स्थित स्लॉटर हाउस से भैंस के मांस की आड़ में गोमांस सप्लाई किया जा रहा था। दिसंबर में पुलिस ने मुंबई भेजे जा रहे मांस की बड़ी खेप से सैंपल लिए तो गोमांस की पुष्टि हुई। इसके बाद स्लॉटर हाउस की ठेका कंपनी लाइव स्टॉक और मालिक कुरैशी पर कार्रवाई हुई।

इन पर हुई कार्रवाई

अब्दुल खान, रहमान खान, मोहम्मद खान, फरीद खान, राजा खान, सलीम, वसीम खान, युसूफ खान, अब्दुल हकीम, मो. रफीक।

Updated on:
14 Jan 2026 10:53 am
Published on:
14 Jan 2026 09:55 am