भोपाल

अचानक शुगर बढ़ने के पीछे छिपा हो सकता है अग्नाशय कैंसर, 7 संकेतों को न करें नजरअंदाज

Pancreatic Cancer early signs: 50 साल की उम्र के बाद अचानक डायबिटीज होना सिर्फ बढ़ती उम्र या खानपान का असर नहीं हो सकता। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह अग्न्याशय कैंसर का शुरुआती संकेत भी हो सकता है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 7:33 AM IST
sudden diabetes warning pancreatic cancer early signs
Pancreatic Cancer Early Signs: अचानक शुगर बढ़ने के पीछे छिपा हो सकता है अग्नाशय कैंसर (फोटो सोर्स- Magnific)

Pancreatic cancer early signs: मधुमेह दुनिया की सबसे खतरनाक बीमारियों में से एक है। एक बार यह शरीर में प्रवेश कर जाए, तो जिंदगी भर छुटकारा नहीं मिलता। उम्र बढ़ने के साथ ही यह बीमारी और गंभीर रूप ले लेती है। ऐसे में अगर 50 साल की उम्र के बाद अचानक मधुमेह यानी डायबिटीज होने का पता चले तो इसे उम्र या खानपान का असर मानकर नजरअंदाज न करें। यह अग्नाशय यानी पेंक्रियाज कैंसर का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। शुरुआत में इस कैसर के लक्षण स्पष्ट नहीं होते। मरीज पेट की मामूली परेशानी, भूख कम लगने या वजन घटने को सामान्य समस्या समझते रहते हैं। जब तक बीमारी का पता चलता है, तब तक ट्यूमर आसपास के अंगों और महत्वपूर्ण रक्त वाहिकाओं तक फैल सकता है। इससे ऑपरेशन भी मुश्किल हो जाता है। विशेषज्ञों ने ऐसे संकेतों को गंभीरता से लेने की सलाह दी है।

हर साल पांच लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

विश्वभर में हर साल पांच लाख से अधिक लोग अग्नाशय कैंसर की चपेट में आते हैं। आइसीएमआर एनसीआरपी के अनुसार भारत में प्रतिवर्ष 21 हजार नए मामले सामने आते हैं। भोपाल हर वर्ष 1789 और मध्यप्रदेश में 8600 से अधिक कैंसर के नए मरीज चिह्नित होते हैं।

पीलिया और वजन घटना भी चेतावनी

आंखों और त्वचा में पीलापन, गहरे रंग का पेशाब, फीका मल, पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द का पीठ तक पहुंचना, भूख कम लगना और बिना कारण वजन घटना इसके संभावित संकेत हैं। लगातार थकान और पाचन संबंधी परेशानी भी हो सकती है। इन लक्षणों का मतलब हमेशा कैंसर नहीं है, लेकिन लगातार बने रहने पर जांच जरूरी है।

धूम्रपान और मोटापा से भी जोखिम

भोपाल एम्स के सर्जिकल गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विशाल गुप्ता के अनुसार, धूम्रपान, मोटापा, अत्यधिक शराब सेवन, मधुमेह, पारिवारिक इतिहास और अग्नाशय में लंबे समय की सूजन से खतरा बढ़ता है। अग्नाशय में चर्बी जमा होना भी खतरनाक है। डॉ. गुप्ता इस विषय पर अंतरराष्ट्रीय ग्लोबल इंट्रापेंक्रियाटिक फैट (गिफ्ट) अलायंस के शोध से जुड़े हैं।

हर गुरुवार विशेष पैंक्रियाज क्लिनिक

धूम्रपान और तंबाकू से दूर रहें। वजन नियंत्रित रखें, नियमित व्यायाम करें और संतुलित भोजन अपनाएं। एम्स भोपाल में प्रत्येक गुरुवार को गैस्ट्रो सर्जरी ओपीडी में विशेष पेंक्रियाज क्लिनिक संचालित होता है। कार्यपालक निदेशक डॉ. नरेंद्र कोटवाल ने लोगों से समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने और जागरूकता बढ़ाने की अपील की है।

अग्न्याशय कैंसर- भ्रांतियां और सच्चाई

  1. भ्रांतिः यह कैंसर सिर्फ बुजुर्गों को होता है।सच्चाईः धूम्रपान, मोटापा और आनुवंशिक कारणों से युवाओं को भी हो सकता है।
  2. भ्रातिः लक्षण नहीं तो कैसर नहीं।सच्चाईः शुरुआत में इसके लक्षण नहीं दिखते या अस्पष्ट होते हैं।
  3. भ्रांतिः इसमें हमेशा तेज पेट दर्द होता है।सच्चाईः वजन घटना, थकान, भूख कम लगना और पीलिया भी शुरुआती संकेत हो सकते हैं।
  4. भ्रांतिः कैसर सिर्फ धूम्रपान करने वालों को होता है।सच्चाईः गैर-धूम्रपान करने वालों को भी मोटापे, आनुवांशिक और अन्य कारणों से हो सकता है।
  5. भ्रांतिः डायबिटीज का मतलब कैसर है।सच्चाई: 50 साल के बाद अचानक डायबिटीज होना कभी-कभी कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है, लेकिन मधुमेह के हर मरीज को कैंसर नहीं होता।
  6. भ्रांतिः कैंसर का खतरा घटाया नहीं जा सकता।सच्चाईः तंबाकू से दूरी, नियंत्रित वजन, व्यायाम और संतुलितभोजन से जोखिम कम होता है।
Updated on:
19 Nov 2026, 7:33 AM IST
Published on: