Burhanpur- 14 फरवरी को 696 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
Burhanpur- देश-दुनिया में इस समय वेलेंटाइन डे की धूम मची है। प्यार का यह प्रतीक पर्व 14 फरवरी को मनाया जाएगा। इसे पाश्चात्य अपसंस्कृति का प्रतीक बताकर प्रदेशभर में तगड़ा विरोध भी किया जा रहा है। पक्ष-विपक्ष की इस जद्दोजहद के बीच प्रदेश के एक शहर को वेलेंटाइन डे पर करोड़ों की सौगातें मिलनेवाली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 फरवरी को बुरहानपुर का दौरा करेंगे जहां वे जिलावासियों को अनेक विकास कार्यों की सौगात देंगे। वे यहां 32 कार्यों का लोकार्पण और 48 कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। सीएम मोहन यादव का जीजामाता चौराहा से नेहरू स्टेडियम तक रोड-शो भी होगा। जिला प्रशासन उनके दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
14 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुरहानपुर जिले को 696 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों की सौगात देंगे। उनका कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम, बुरहानपुर में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न सरकारी योजनाओं का हितलाभ वितरण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 334 करोड़ 22 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुए 32 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। 362 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत के 48 नवीन कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन विकास कार्यों में अधोसंरचना, जनसुविधा, कृषि एवं अन्य विभागों से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं जो जिले के विकास को नई गति प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रोड-शो होगा। यह रोड-शो शिकारपुरा थाना क्षेत्र के जीजामाता चौराहा से प्रारंभ होकर नेहरू स्टेडियम तक जाएगा। इस दौरान जिलेवासियों द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। रोड शो की व्यापक तैयारियां की जा रहीं हैं।
कार्यक्रम स्थल पर कृषि, उद्यानिकी एवं अन्य विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। वेलेंटाइन डे के विरोध में हिंदूवादी संगठन परंपरागत रूप से प्रदर्शन करते रहे हैं। इसको देखते हुए सीएम मोहन यादव की सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त ध्यान दिया जा रहा है।